7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kolkata Rape Murder Case: ‘जहां महिला सुरक्षा पर सख्त संदेश की जरूरत थी, वहां..’ कोलकाता रेप केस पर प्रियंका गांधी ने दी प्रतिक्रिया

Priyanka Gandhi on Kolkata Rape Murder Case: प्रियंका गांधी ने X पर कहा, 'कोलकाता, बिहार, उत्तराखंड और यूपी में महिलाओं के साथ हुई क्रूरताओं ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस समय देश भर की महिलाएं दुख और गुस्से में हैं।'

3 min read
Google source verification
Priyanka Gandhi on Kolkata Rape Murder Case

Priyanka Gandhi on Kolkata Rape Murder Case: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ हुई दरिंदगी और हत्या समेत हाल ही में देश के अलग-अलग प्रदेशों में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की हुई घटनाओं को लेकर शुक्रवार को एक ट्वीट किया। इस ट्विट में उन्होंने सभी सरकारों को कटघरे में खड़ा किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में उन्होंने नाराजगी जताई और लिखा कि जहां भी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सख्त संदेश देने की जरूरत हुई, वहां आरोपियों को बचाने की कोशिशें की गईं।

Priyanka Gandhi ने ट्विट में क्या लिखा

हाल ही में महिलाओं के साथ हुई अत्याचार की घटनाओं पर कांग्रेस महासचिव ने लिखा, "कोलकाता, बिहार, उत्तराखंड और यूपी में महिलाओं के साथ हुई क्रूरताओं ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस समय देश भर की महिलाएं दुख और गुस्से में हैं। जब भी ऐसी घटनाएं होती हैं तो देश की महिलाएं देखती हैं कि सरकारें क्या कर रही हैं? उनकी बातों और उपायों में कितनी गंभीरता है? जहां भी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सख्त संदेश देने की जरूरत हुई, वहां आरोपियों को बचाने की कोशिशें की गईं। महिलाओं पर जघन्य अत्याचार के मामलों में बार-बार नरमी बरतना, आरोपी को राजनीतिक संरक्षण देना और सजायाफ्ता कैदियों को जमानत/पैरोल देने जैसी हरकतें महिलाओं को हतोत्साहित करती हैं। इससे देश की महिलाओं में क्या संदेश जाता है? जब सरकारी आंकड़ों में हर दिन 86 रेप हो रहे हों, महिलाएं सुरक्षा की आशा किससे करें?"

'इंडिया' ब्लॉक के नेताओं का इस मामले में आचरण शर्मनाक- भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी

कोलकाता के आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज में स्नातकोत्तर की दूसरे वर्ष की छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या मामले को लेकर भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि 'इंडिया' ब्लॉक में शामिल नेताओं का इस मामले में आचरण बहुत ही शर्मनाक रहा है। सबसे पहले इस मामले को आत्महत्या बताने का प्रयास किया गया।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की मंशा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिस प्रधानाचार्य को हटाया गया, उसे दूसरे कॉलेज में नियुक्त कर दिया गया। इससे मन में बहुत गहरा संदेह उत्पन्न होता है। भाजपा नेता ने कहा, "इसके बाद ममता बनर्जी ने कहा कि आखिर कुछ नहीं हुआ, तो मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी जाएगी। कई लोगों ने इस बात पर आशंका जताई कि बंगाल पुलिस इस मामले को मैनिपुलेट करने की कोशिश कर सकती है और उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद इस मामले में जो कुछ भी हुआ, उसने कई तरह के सवाल उठाए। प्रदर्शन की आड़ में कुछ लोगों ने जिस तरह से डॉक्टरों के साथ मारपीट की, उसकी हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।"

देश भर के डॉक्टरों में आक्रोश

बता दें कि ट्रेनी डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या को लेकर देश भर में डॉक्टरों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। मामले की जांच CBI को सौंप दी गई है। सीबीआई ने अब तक कई लोगों से पूछताछ की है। प्रदर्शनकारी डॉक्टरों का कहना है कि जब तक मामले में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती, विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा।

बीते दिनों इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए कॉलेज के प्रधानाचार्य ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। प्रधानाचार्य ने अपने पद से इस्तीफा देते हुए कहा कि इस घटना के प्रकाश में आने के बाद उनकी बदनामी हो रही है, जिसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। लेकिन, इसके बाद उनका किसी दूसरे कॉलेज में स्थानांतरण कर दिया गया, जिसे लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।