
पंजाब के 5 किसान संगठन दिल्ली में जुटे, संसद तक निकालेंगे मार्च सौंपेंगे ज्ञापन, फिर जंतर-मंतर पर करेंगे प्रदर्शन File Photo
किसान संगठन एक बार फिर एकजुट हो गए हैं। अपनी मांगों को लेकर पंजाब के 5 किसान संगठन आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। सभी किसान संगठन बंगला साहिब में एकत्र हो गए हैं। पहले यहां से संसद भवन की ओर मार्च करेंगे। जहां ये किसान अपनी मांगों को लेकर पीएम कार्यालय में ज्ञापन देंगे। फिर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा का कहना है कि, केंद्र सरकार अपने वादे पूरे करने में नाकाम रही है। संयुक्त किसान मोर्चा 20 मार्च को दिल्ली के जंतर-मंतर पर महापंचायत भी करने वाली है। किसानों के इस प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बंगला साहिब गुरुद्वारे पर RAF के जवान बड़ी संख्या में तैनात किए गए हैं। बताया जा रहा है कि, इस प्रदर्शन में 5 संगठन के करीब 2 हजार से ज्यादा किसानों के जुटेंगे।
विरोध प्रदर्शन में शामिल पंजाब के 5 संगठन
इस विरोध प्रदर्शन में पंजाब के जो 5 अहम संगठन हैं। उनमें अखिल भारतीय किसान फेडरेशन, भारतीय किसान यूनियन मानसा, भारतीय किसान यूनियन राजेवाल, आजाद किसान संघर्ष कमेटी, किसान संघर्ष कमेटी पंजाब शामिल हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय में सौंपेंगे एक ज्ञापन
दिल्ली के गुरुद्वारा बंगलासाहिब के पास जमा इन किसानों के अनुसार, केंद्र की ओर से दिए हुए आश्वासन अब तक पूरे नहीं हुए, इसलिए बजट सत्र के दूसरे चरण में ये एक बार फिर प्रदर्शन के लिए पहुंचे हैं। किसानों ने कहा कि ये सोमवार को संसद भवन तक मार्च करते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय जाकर अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपेंगे। इसके बाद जंतर-मंतर पर एक सांकेतिक प्रदर्शन करेंगे।
मांगें पूरी नहीं हुईं, किसानों का आरोप
किसानों का यह प्रदर्शन और विरोध इसलिए है कि, उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं हैं। जिन मांगों को लेकर किसान दिल्ली में है, उनमें फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को कानूनी गारंटी देने की मांग, किसानों के खिलाफ दर्ज सभी मामलों का निस्तारण, सभी मुकदमों की वापसी, श्रमिकों के खिलाफ दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में दर्ज सभी मामलों की वापसी, फलों और सब्जियों के साथ सभी फसलों के सुनिश्चित बाजार, किसानों और खेत के लिए कुल कर्ज माफी सहित कई मांगें शामिल हैं।
20 मार्च को करेंगे सरकार के खिलाफ प्रदर्शन - राकेश टिकैत
बीकेयू नेता राकेश टिकैत ने केंद्र सरकार पर चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादों को भूलने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 20 मार्च को बड़ी संख्या में किसान दिल्ली में इकट्ठा होकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
2020 में हुआ था किसान आंदोलन
26 नवंबर 2020 को केंद्र सरकार के तीन कृषि कानून के खिलाफ किसानों का आंदोलन शुरू हुआ था। यह आंदोलन एक साल तक चला। 19 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन तीनों कानूनों की वापसी का ऐलान किया था। इसके बाद किसान आंदोलन खत्म हो गया था।
Updated on:
13 Mar 2023 12:05 pm
Published on:
13 Mar 2023 12:03 pm

बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
