
CM Bhagwant Mann (ANI)
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi)और विदेश मंत्रालय (MEA) पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने विदेश नीति पर केंद्र के रुख और सिंगर दिलजीत दोसांझ की फिल्म में एक पाकिस्तानी अभिनेता की भूमिका को लेकर हाल ही में हुए विवाद पर सवाल उठाए।
विदेश मंत्रालय की आलोचना का जवाब देते हुए पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा, " क्या हमें प्रधानमंत्री से यह पूछने का अधिकार नहीं है कि विदेश नीति क्या होती है? किसने हमारा समर्थन किया है? आप क्यों इधर-उधर घूम रहे हैं?" उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर बिना किसी स्पष्ट कूटनीतिक कारण या नतीजे के बार-बार विदेशों का दौरा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ऐसे देशों में जा रहे हैं जिनके नाम तक हमें नहीं पता। इतने छोटे देशों से सम्मान ले रहे हैं। यहां एक JCB काम कर रही है, तो इतने ही लोग यहां इकट्ठा होते हैं। वहीं, विदेश मंत्रालय (MEA) ने गुरुवार को पंजाब के CM भगवंत मान की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं का मज़ाक उड़ाने वाली टिप्पणियों की कड़ी आलोचना की है। साथ ही इन टिप्पणियों को गैर-जिम्मेदाराना बताया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मान का नाम लिए बिना कहा, "हमने एक उच्च सरकारी अधिकारी की ओर से वैश्विक दक्षिण के मित्र देशों के साथ भारत के संबंधों के बारे में की गई कुछ टिप्पणियां देखी हैं। ये टिप्पणियां गैर-जिम्मेदाराना और खेदजनक हैं और सरकारी अधिकारी को शोभा नहीं देतीं। 2015 में प्रधानमंत्री मोदी की अचानक पाकिस्तान यात्रा का जिक्र करते हुए मान ने कहा, "प्रधानमंत्री कई बार बिना बुलाए ही दूसरे देशों में चले जाते हैं, और बिरयानी खाने के लिए पाकिस्तान पहुंच जाते हैं. हम पाकिस्तान नहीं जा सकते, लेकिन प्रधानमंत्री जा सकते हैं।"
दिलजीत दोसांझ की आगामी फिल्म, जिसमें एक पाकिस्तानी अभिनेता भी शामिल है, उसको लेकर उठे विवाद पर बात करते हुए उन्होंने कहा, "अब दिलजीत दोसांझ की फिल्म को लेकर विवाद है, जिसमें एक पाकिस्तानी अभिनेता ने काम किया था। यह फिल्म बहुत पहले बनी थी और अब वे 'गद्दार' कह रहे हैं। कभी वे गद्दार कहते हैं तो कभी सरदार।
Updated on:
11 Jul 2025, 4:01 PM IST
Published on:
11 Jul 2025, 4:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.