
एंटनी राजू
Kerala Assembly Elections: केरल विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व विधायक एंटनी राजू को बड़ा झटका लगा है। केरल हाई कोर्ट के फैसले के बाद अब एंटनी चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। हाई कोर्ट ने मंगलवार को तिरुवनंतपुरम सेंट्रल के पूर्व MLA एंटनी राजू की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने कोर्ट के सबूतों से छेड़छाड़ से जुड़े एक मामले में अपनी सज़ा पर रोक लगाने की मांग की थी। न्यायमूर्ति सी. जयचंद्रन ने यह फैसला सुनाया।
इस फैसले के बाद पूर्व मंत्री के चुनाव लड़ने पर रोक लग गई है, जिससे राज्य की राजधानी में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। 4 जनवरी को नेदुमनगाड मजिस्ट्रेट कोर्ट द्वारा इस मामले में उन्हें तीन साल की जेल की सजा सुनाए जाने के बाद से ही उनकी विधायकी खत्म हो गई थी, और मंगलवार को उन्हें एक और झटका लगा जब हाई कोर्ट ने इस आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।
आपको बता दें कि राजू जनधिपत्य केरल कांग्रेस के एकमात्र विधायक हैं और दिसंबर 2024 तक राज्य के परिवहन मंत्री थे। इसके बाद सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट के बीच हुए समझौते के तहत उन्होंने एक अन्य सहयोगी दल के लिए यह पद छोड़ दिया था।
जस्टिस निर्मलजीत कौर की अध्यक्षता वाली पीठ ने इस याचिका को खारिज कर दिया, जिसका मतलब है कि जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत उनकी अयोग्यता जारी रहेगी। सजा पर रोक लगे बिना एंटनी राजू अपना नामांकन दाखिल नहीं कर सकते, जिससे चुनाव में उनकी भागीदारी के लिए उपलब्ध अंतिम कानूनी रास्ता भी बंद हो गया है।
हालांकि, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 मार्च है, इसलिए उनके पास अभी भी कुछ दिन शेष हैं। अब वे सजा पर रोक लगवाने के लिए केरल हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच या फिर सीधे सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकते हैं।
आपको बता दें कि आगामी केरल विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने सोमवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। बीजेपी ने राज्य चुनावों के लिए 47 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। इसमें पार्टी के केंद्रीय स्तर के वरिष्ठ नेता और राज्य इकाई के प्रमुख चेहरे शामिल हैं। बीजेपी की सूची में प्रमुख नामों में पूर्व केंद्रीय मंत्री वी. मुरलीधरन और राज्य पार्टी अध्यक्ष तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर हैं। चंद्रशेखर दक्षिणी राज्य में पार्टी के लिए महत्वपूर्ण सीट नीमोम विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा और वोटों की गिनती 4 मई को होगी।
Updated on:
17 Mar 2026 04:38 pm
Published on:
17 Mar 2026 04:27 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
