26 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘झूठे आरोप लगाने के बाद सबसे ज्यादा माफी किसने मांगी?’ राहुल गांधी पर किरेन रिजिजू का तंज, अरविंद केजरीवाल से की तुलना

Rahul Gandhi Apology: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए झूठे आरोपों के बाद सबसे ज्यादा माफी मांगने को लेकर तंज कसा।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Devika Chatraj

Jun 26, 2026

Kiren Rijiju

राहुल गांधी पर किरेन रिजिजू का तंज

Kiren Rijiju target Rahul Gandhi: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू (Kiren Rijiju) ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) के बेटे कार्तिकेय चौहान को लेकर कथित टिप्पणी पर राहुल गांधी द्वारा खेद जताए जाने के बाद रिजिजू ने सोशल मीडिया के जरिए उन पर निशाना साधा।

राहुल गांधी पर किरेन रिजिजू का हमला

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए विपक्षी नेताओं पर कटाक्ष किया। उन्होंने सवाल उठाया कि झूठे आरोप लगाने के बाद सबसे ज्यादा माफी किसने मांगी है। रिजिजू ने अपने पोस्ट में लिखा, झूठे आरोप लगाने के बाद सबसे ज्यादा माफी किसने मांगी है राहुल गांधी जी ने या अरविंद केजरीवाल जी ने? रिजिजू का यह बयान ऐसे समय आया है, जब राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में कार्तिकेय चौहान से जुड़ी कथित मानहानिकारक टिप्पणी पर लिखित रूप से खेद व्यक्त किया है।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला साल 2018 के विधानसभा चुनाव प्रचार से जुड़ा है। आरोप है कि झाबुआ में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने पनामा पेपर्स लीक मामले का जिक्र करते हुए कार्तिकेय चौहान का नाम लिया था। कार्तिकेय चौहान का कहना है कि इस बयान से उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा और उनकी सार्वजनिक छवि धूमिल हुई। इसी आधार पर उन्होंने भोपाल की सांसद-विधायक (MP-MLA) अदालत में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला दायर किया था।

अदालत ने जारी किया था समन

मामले की प्रारंभिक सुनवाई के बाद MP-MLA कोर्ट ने प्रथम दृष्टया इसे सुनवाई योग्य मानते हुए राहुल गांधी को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने के लिए समन जारी किया था। इसके बाद राहुल गांधी ने इस आदेश को चुनौती देते हुए मध्य प्रदेश हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। फिलहाल इस मामले में सुनवाई पूरी हो चुकी है और हाई कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।

हाई कोर्ट में राहुल गांधी ने जताया खेद

कार्तिकेय चौहान की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता संकल्प कोचर ने बताया कि सुनवाई के दौरान राहुल गांधी ने हाई कोर्ट में एक लिखित बयान दाखिल किया। इसमें उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में की गई टिप्पणी गलतफहमी और गलत तथ्यों के आधार पर की गई थी। उन्होंने अदालत के समक्ष इस पर खेद भी व्यक्त किया।

अदालत मांगा था जवाब

कोचर के मुताबिक, राहुल गांधी के लिखित बयान के बाद अदालत ने उनकी ओर से जवाब मांगा। जवाब में उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी स्वयं अपनी गलती स्वीकार करते हुए खेद जता रहे हैं, तो उनके मुवक्किल कार्तिकेय चौहान इस खेद को स्वीकार करते हैं और मामले को समाप्त करने की इच्छा रखते हैं। अब इस पूरे मामले में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने अपना आदेश सुरक्षित रख लिया है। आदेश आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मानहानि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया क्या होगी।