
राहुल गांधी-मेलोनी विवाद(फोटो-ANI)
Rahul Gandhi Meloni Remark: कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सांसद संदीप दीक्षित के इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को लेकर किए गए मजाक पर विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारत के इटली के साथ मजबूत संबंध हैं और दोनों देश इन रिश्तों को और मजबूत करना चाहते हैं। ऐसे में किसी भी मुद्दे को सम्मान के साथ रखा जाना चाहिए।
विदेश मंत्रालय की यह प्रतिक्रिया उस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आई है, जिसमें राहुल गांधी केंद्र की विदेश नीति पर तंज कसते हुए संदीप दीक्षित के साथ ‘गले मिलने’ का एक्ट करते नजर आए थे। इसी दौरान संदीप दीक्षित ने मजाकिया अंदाज में राहुल गांधी से कहा था, ‘मेलोनी समझकर तो नहीं पकड़ा था…’ इस पर वहां मौजूद लोगों के बीच ठहाके गूंज उठे थे।
कांग्रेस के एक कन्वेंशन में राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर निशाना साधते हुए कहा था कि उन्हें समझ नहीं आता कि सरकार के दिमाग में यह बात कहां से आ गई कि ‘गले पड़ना ही विदेश नीति है।’ अपनी बात समझाने के लिए राहुल गांधी ने मंच पर संदीप दीक्षित को बुलाया और उनके साथ गले मिलने का एक्ट किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि सरकार को लगता है कि किसी को गले लगाना ही विदेश नीति है।
इसी दौरान संदीप दीक्षित ने राहुल गांधी को रोकते हुए पूछा, ‘एक बात पूछ सकता हूं?’ इसके बाद उन्होंने मजाक करते हुए कहा, ‘मेलोनी समझकर तो नहीं पकड़ा था…’ इस पर राहुल गांधी ने हंसते हुए जवाब दिया, ‘नहीं-नहीं, मैं अभी तक वहां नहीं पहुंचा हूं।’
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कांग्रेस नेताओं की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत और इटली के बीच मजबूत संबंध हैं। उन्होंने कहा कि भारत इन संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में काम करना चाहता है। प्रवक्ता ने यह भी कहा कि किसी भी बात को सम्मान के साथ रखा जाना चाहिए। विदेश मंत्रालय की टिप्पणी को कांग्रेस नेताओं के मजाक पर सरकार की आपत्ति के तौर पर देखा जा रहा है।
Updated on:
14 Aug 2026 07:33 pm
Published on:
14 Aug 2026 07:14 pm
