
RJD MLA Anil Sahni Membership Canceled after found gulity in LTC Scam
RJD MLA Anil Sahni Membership Canceled: राष्ट्रीय जनता दल के विधायक अनिल सहनी की विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई है। उनपर राज्यसभा सांसद रहते हुए लाखों रुपए के एलटीसी घोटाले का आरोप था, जो जांच में सही साबित हुआ। जांच में दोषी साबित होने के बाद मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिल सहनी की सदस्यता रद्द कर दी गई है। मालूम हो कि अनिल सहनी की विधानसभा सदस्यता पर पहले से ही तलवार लटकी थी। आज उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द होने की आधिकारिक पुष्टि हो गई। इससे पहले मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की सदस्यता रद्द हुई थी।
अनिल सहनी 2010 से 2018 तक बिहार से दो बार राज्यसभा सदस्य के लिए निर्वाचित हुए थे। हालांकि तब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड ने उन्हें उच्च सदन भेजा था। राज्यसभा सांसद रहते हुए अनिल सहनी ने एलटीसी घोटाले को अंजाम दिया था। एलटीसी (Leave Travel Concession) सरकारी कर्मचारी और जनप्रतिनिधियों की दी जाने वाली एक सुविधा है। इसके जरिए सरकारी अधिकारी व जनप्रतिनिधि की यात्रा पर सरकार रियायत देती है।
अनिल सहनी पर आरोप था कि उन्होंने राज्यसभा सांसद रहते हुए बिना कोई यात्रा किए फर्जी टिकट और बोर्डिंग पास बनवाकर लाखों का फर्जी बिल पास कराया। उनपर जाली टिकट और फर्जी बोर्डिंग पास के जरिए 23 लाख 71 हजार रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगा था। केंद्रीय सतर्कता आयोग ने इस मामले को सीबीआई को ट्रांसफर किया था। अनिल सहनी पर 31 अक्टूबर 2013 को सीबीआई ने केस दर्ज किया था।
सीबीआई जांच के बाद कोर्ट ने पूर्व राज्यसभा सांसद और मौजूदा राजद विधायक अनिल सहनी और एयर इंडिया के तत्कालीन सुपरिंटेंडेट एनएस नायर और अरविंद तिवारी को दो-दो साल की सजा सुनाई थी। साथ ही सभी पर 3.25 लाख रुपए जुर्माना भी लगा था। अब आज अनिल सहनी की विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई है। अनिल सहनी की सदस्यता रद्द होने से अब कुढ़नी विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव का रास्ता खुल गया है। इससे पहले राजद के मोकामा विधायक अनंत सिंह की सदस्यता रद्द की गई थी।
Published on:
14 Oct 2022 02:28 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
