
Sikkim News(Image-ANI)
Sikkim News: सिक्किम के उत्तरी इलाके से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां लाचेन (Lachen) क्षेत्र में करीब 1,500 पर्यटक अचानक फंस गए हैं। इनके साथ करीब 169 गाड़ियां और 79 बाइक भी रुकी हुई हैं। वजह बनी एक सड़क, जो तरुम चू ब्रिज के पास टूट गई और पूरा रास्ता बंद हो गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मंगन जिले के कलेक्टर अनंत जैन के मुताबिक, हालात को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। हालांकि मुश्किल यह है कि लाचेन से चुंगथांग जाने वाला मुख्य रास्ता अभी पूरी तरह बंद है। ऐसे में पर्यटकों को सामान्य रास्ते से नीचे लाना फिलहाल संभव नहीं है।
अब प्रशासन ने एक वैकल्पिक योजना बनाई है। फंसे हुए लोगों को डोंगक्या ला पास के जरिए बाहर निकाला जाएगा। यह रास्ता समुद्र तल से करीब 17,000 फीट की ऊंचाई पर है, जहां मौसम और हालात दोनों ही चुनौतीपूर्ण होते हैं। फिलहाल इस रास्ते पर जमी बर्फ को हटाने का काम तेजी से चल रहा है ताकि इसे सुरक्षित बनाया जा सके। इस पूरे ऑपरेशन में जिला प्रशासन के साथ पुलिस, आईटीबीपी, बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) और भारतीय सेना मिलकर काम कर रही है। सभी एजेंसियां लगातार कोशिश कर रही हैं कि जल्द से जल्द रास्ता साफ हो और पर्यटकों को सुरक्षित गंगटोक तक पहुंचाया जा सके।
राज्य सरकार ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखी है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क से जुड़ी सभी एजेंसियां युद्धस्तर पर काम कर रही हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे बेवजह बाहर न निकलें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। गौर करने वाली बात यह है कि इससे पहले 25 मार्च को भी इसी इलाके में ऐसा ही मामला सामने आया था। उस समय भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ था, जिससे करीब 150 से 200 पर्यटक चुंगथांग में फंस गए थे। गंगटोक से लाचेन और चुंगथांग से लाचेन जाने वाले रास्ते बुरी तरह प्रभावित हुए थे। उत्तर सिक्किम का इलाका जितना खूबसूरत है, उतना ही संवेदनशील भी है। फिलहाल सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि फंसे हुए पर्यटक कब सुरक्षित बाहर निकल पाते हैं।
Published on:
06 Apr 2026 09:54 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
