
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के संसद में आज चालू वित्त वर्ष के लिए पेश किए गए बजट में कैपिटल गेन टैक्स विशेषकर इक्विटी पर लॉन्ग टर्म और शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन टैक्स को बढ़ाने का प्रस्ताव निवेशकों को रास नहीं आया और उनकी भारी बिकवाली से दोपहर तक लुढ़का शेयर बाजार बाद में कृषि और उपभोक्ता क्षेत्र को समर्थन दिये जाने की घोषणा से संभल गया।
वित्त मंत्री ने पेश किया बजट
सीतारमण ने मंगलवार को संसद में वित्त वर्ष 2024-25 के लिए मोदी सरकार 3.0 का आम बजट पेश किया, जिसमें उन्होंने पूंजीगत लाभ पर कर बढ़ाने का प्रस्ताव किया। बजट में विशेष रूप से इक्विटी पर लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन (एलएटीसीजी) कर को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 12.5 प्रतिशत और शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन (एसटीसीजी) कर को 15 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का प्रस्ताव किया। हालांकि एलएटीसीजी कर की छूट सीमा को एक लाख रुपये से बढ़ाकर 1.25 लाख रुपये कर दिया गया है।
निवेशकों को रास नहीं आया बजट
बजट का यह प्रस्ताव निवेशकों को रास नहीं आया, जिससे बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स भारी बिकवाली के दबाव में दोपहर तक 1248.23 अंक टूटकर 80 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे 79,224.32 अंक तक लुढ़क गया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 409 अंक की भारी गिरावट लेकर 24,074.20 अंक तक टूट गया।
इन घोषणाओं से संभला बाजार
वहीं, बाद में वित्त मंत्री के बजट भाषण के दौरान कृषि, विनिर्माण, उपभोक्ता क्षेत्र, रोजगार और आयकर समर्थित मजबूत घोषणाओं ने बाजार को संभाला और धीरे-धीरे रिकवरी शुरू हुई। हालांकि बाजार ने संभलने की पुरज़ोर कोशिश की लेकिन वह पूरी तरह से कामयाब नहीं हो पाया और कारोबार के अंत में सेंसेक्स 73.04 अंक उतरकर 80,429.04 अंक और निफ्टी 30.20 अंक फिसलकर 24,479.05 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह बीएसई का मिडकैप 0.74 प्रतिशत की गिरावट लेकर 46,504.24 अंक और स्मॉलकैप 0.18 प्रतिशत उतरकर 52,823.47 अंक रह गया।
बीएसई के 12 समूहों में गिरावट जबकि शेष आठ में बढ़त का रुख
इस दौरान बीएसई में कुल 4016 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2160 में बिकवाली जबकि 1743 में लिवाली हुई वहीं 113 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 29 कंपनियों में गिरावट जबकि 20 में तेजी रही वहीं एक के भाव स्थिर रहे। बीएसई के 12 समूहों में गिरावट जबकि शेष आठ में बढ़त का रुख रहा। इससे कमोडिटीज 0.51, ऊर्जा 1.16, वित्तीय सेवाएं 1.27, इंडस्ट्रियल्स 1.48, दूरसंचार 0.51, यूटिलिटीज 0.11, बैंकिंग 1.08, कैपिटल गुड्स 2.03, धातु 1.02, तेल एवं गैस 1.32, पावर 0.17 और रियल्टी समूह के शेयर 2.15 प्रतिशत लुढ़क गए। वहीं, एफएमसीजी 2.48, हेल्थकेयर 0.59, आईटी 0.82, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 2.45, टेक 0.56 और सर्विसेज समूह के शेयर 0.62 प्रतिशत मजबूत रहे।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मिलाजुला रुख
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मिलाजुला रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफ़टीएसई 0.02 और जर्मनी का डैक्स 0.92 प्रतिशत चढ़ गया जबकि जापान का निक्केई 0.01, हांगकांग का हैंगसेंग 0.94 और चीन का शंघाई कम्पोजिट 1.65 प्रतिशत लुढ़क गया।
Updated on:
23 Jul 2024 05:44 pm
Published on:
23 Jul 2024 05:44 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
