
Harsimrat Kaur Badal (Photo: Harsimrat Kaur Badal/X)
नई दिल्ली। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ में हुए जानलेवा हमले के बाद महाराष्ट्र पुलिस के अधिकारी की बहादुरी की सराहना हो रही है। हमले के दौरान सुखबीर सिंह बादल की जान बचाने वाले महाराष्ट्र पुलिस की विशेष सुरक्षा इकाई (SPU) के इंस्पेक्टर संतोष वैजनाथ केंद्रे के साहस को लेकर सांसद हरसिमरत कौर बादल ने भावुक संदेश साझा किया है।
सांसद हरसिमरत कौर बादल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इंस्पेक्टर संतोष के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि हमलावर और उनके पति के बीच इंस्पेक्टर संतोष एक मानव ढाल बनकर खड़े हो गए और अपनी जान की परवाह किए बिना कर्तव्य की मिसाल पेश की।
हरसिमरत कौर ने अपने संदेश में लिखा कि मैं महाराष्ट्र पुलिस के स्पेशल प्रोटेक्शन यूनिट के इंस्पेक्टर संतोष वैजनाथ केंद्रे के अदम्य साहस को सलाम करती हूं। संतोष, आपने सुखबीर जी की सुरक्षा के लिए खुद की जान जोखिम में डाल दी। आपने हम सभी को यह याद दिलाया है कि खाकी वर्दी पहनने का सही मायना क्या होता है खुद से पहले कर्तव्य और डर से आगे निडरता।
उन्होंने आगे कहा कि बादल परिवार इस जांबाजी के लिए उनका जिंदगी भर ऋणी रहेगा। उन्होंने ईश्वर (वाहेगुरु) से घायल इंस्पेक्टर संतोष के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।
हमले के बाद इलाज में जुटी मेडिकल टीम की सराहना करते हुए सांसद ने नांदेड़ स्थित यशोसाई अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कठिन घड़ी में अस्पताल के पूरे स्टाफ ने बेहद मुस्तैदी और संवेदनशीलता के साथ अपनी सेवाएं दी हैं।
घटना के बाद जब घायल इंस्पेक्टर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, तो वहां भावुक और दिल को छू लेने वाली तस्वीर सामने आई है। इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे की जांबाजी से प्रभावित होकर बादल परिवार के लोग अस्पताल में उनसे मिलने पहुंचे। परिवार के सदस्यों ने इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे के पैर छुए और उनका आभार व्यक्त किया।
Updated on:
14 Aug 2026 11:52 am
Published on:
14 Aug 2026 11:52 am
