तमिलनाडु में 2 युवकों ने वीडियो बनाते हुए ट्रांसजेंडर महिला के बाल काटे और बदसलूकी की, जिसमें उन दोनों युवकों का चेहरा भी दिखाई दे रहा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
तमिलनाडु के तूतीकोरिन में दो ट्रांसजेंडर्स के साथ बदसलूकी व प्रताड़ित करने के मामला सामने आया है। इसको लेकर एक वीडियो सामने आया है जिसमें दोनों युवक दो ट्रांसजेडर्स महिला को पकड़े हुए हैं और बाल काट रहे हैं। वीडियो के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान करते हुए गिरफ्तार कर लिया है, जिनका नाम योवा बुबन और विजय है। पुलिस ने यह कार्रवाई ट्रांसजेंडर अधिकार कार्यकर्ता ग्रेस बानो के वीडियो शेयर करने के बाद की है।
वीडियो 19 सेकंड का है, जिसमें दो महिला जमीन पर बैठी हुई दिखाई दे रही हैं,जिसमें एक युवक उनमें से एक महिला का जबरदस्ती बाल काटते हुए दिख रहा है। इसके साथ ही महिला के चेहरे पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहा है।
ग्रेस बानो ने ट्वीट करते हुए कहा इस तरह की हिंसा कब खत्म होगी
ट्रांसजेंडर अधिकार कार्यकर्ता ग्रेस बानो ने ट्रांसजेंडर महिलाओं के साथ हिंसा वाला वीडियो शेयर करते हुए पूछा कि इस तरह की हिंसा कब खत्म होगी? उन्होंने कहा कि मेरे समुदाय के लोग इस तरह की हिंसा का सामना करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने इस ट्वीट को कई लोगों को लोगों व संस्थाओं को टैग किया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।
उत्पीड़न, गाली-गलौज, मारपीट व हत्या के तहत दोनों आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला
वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों पर IPC और ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम 2019 के धाराओं के तहत उत्पीड़न, गाली-गलौज, मारपीट व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था।
आरोपी और ट्रांसजेंडर महिला एक दूसरे को जानते हैं: पुलिस अधीक्षक एल बालाजी सरवनन
तूतीकोरिन के पुलिस अधीक्षक एल बालाजी सरवनन ने एक निजी चैनल से बात करते हुए बताया है कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपी दोनों ट्रांसजेंडर महिलाओं को अच्छी तरह से जानते हैं। इसके साथ ही एक ट्रांसजेंडर महिला एक आरोपी के रिश्ते में आती है। इस मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: असली आंख निकालकर लगा दी कांच की गोली, सरकारी योजना के मुफ्त इलाज ने 8 लोगों को बना दिया अंधा