
इंडी ब्लॉक में अपने सहयोगियों से अलग रुख अपनाते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने बुधवार को कहा कि लोगों को प्रभावित करने वाले वास्तविक मुद्दों को संबोधित करने की जरूरत है, न कि "एक मुद्दे" पर संसद के दोनों सदनों को बाधित करने की। कांग्रेस ने बुधवार को संसद में उद्योगपति गौतम अदाणी की अमरीका में रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी के मामले में कथित संलिप्तता पर चर्चा की मांग की, वहीं टीएमसी ने कहा कि वह चाहती है कि दोनों सदनों में कामकाज हो, ताकि केंद्रीय फंडिंग से लेकर मणिपुर की स्थिति तक के मुद्दों पर सरकार जवाबदेह हो। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लोकसभा में पार्टी की उपनेता काकोली घोष दस्तीदार ने कहा है कि टीएमसी संसद में उठाए जाने वाले 'लोगों के मुद्दों' पर खास ध्यान केंद्रित करेगी। यह टिप्पणी विपक्ष द्वारा अदाणी मुद्दे को उठाए जाने के कारण लगातार दूसरे दिन दोनों सदनों में स्थगन के बाद आई है।
इसके साथ ही टीएमसी संसद में मणिपुर में चल रही हिंसा और अपराजिता महिला एवं बाल (पश्चिम बंगाल आपराधिक कानून और संशोधन) विधेयक को मंजूरी देने में देरी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाने की योजना बना रही है।
इसके अतिरिक्त पार्टी की ओर से संसद में मूल्य वृद्धि, बेरोजगारी और उर्वरक की कमी जैसे मुद्दों को उठाने की योजना बना रही है। दस्तीदार ने कहा कि टीएमसी संसद में उठाने के लिए लोगों के मुद्दों पर तेजी से ध्यान केंद्रित करेगी। हम नहीं चाहते कि एक मुद्दे के कारण संसद बाधित हो हमें इस सरकार को उसकी कई विफलताओं के लिए जवाबदेह ठहराना चाहिए।
Updated on:
28 Nov 2024, 10:16 AM IST
Published on:
28 Nov 2024, 10:16 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.