Weather Updates मौसम विभाग का अलर्ट है कि, कई पहाड़ी इलाकों में 28 फरवरी से 2 मार्च तक भारी बारिश या बर्फबारी होगी। साथ ही मौसम विज्ञानियों का कहना है कि, हवा की रफ्तार 20 से 30 किमी प्रति घंटे तक की रह सकती है। और इस बदलाव से एनसीआर भी प्रभावित होगा।
देश में मौसम बहुत तेजी के साथ बदल रहा है। गर्मी ने देश के कई हिस्सों में दस्तक दे दी है। हाल यह है कि, तापमान नए रिकार्ड बना रहा है। आंकड़ों के अनुसार कुछ राज्यों में तो तापमान 35 से 37 डिग्री के बीच पहुंच गया है। पर इसी बीच पश्चिमी विक्षोभ 28 फरवरी से एक्टिव हो गया है पर इसका असर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों पर नजर आएगा। मौसम विभाग का अलर्ट है कि, कई पहाड़ी इलाकों में 28 फरवरी से 2 मार्च तक भारी बारिश या बर्फबारी होगी। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा। दिल्ली के मौसम पर भी इसका असर आएगा। मौसम विभाग का अलर्ट है कि, दिल्ली में बुधवार को तेज हवा संग हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम में हल्का बदलाव होगा। साथ ही मौसम विज्ञानियों का कहना है कि, हवा की रफ्तार 20 से 30 किमी प्रति घंटे तक की रह सकती है। और इस बदलाव से एनसीआर भी प्रभावित होगा।
दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रहा
सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार, दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली के कई इलाकों में आंशिक बादल आसमान में तैरते दिखे।
दिल्ली में इस सीजन में दूसरी सबसे गर्म सुबह रही
दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से सात डिग्री अधिक है। जबकि, न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस रहा, यह सामान्य से दो डिग्री अधिक है। यह इस सीजन की दूसरी सबसे गर्म सुबह रही है।
हिमाचल प्रदेश में ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर से पंजाब, हिमाचल प्रदेश में दिखेगा। 28 फरवरी से 2 मार्च तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में 1 और 2 मार्च को बारिश हो सकती है। 1 मार्च को कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के सुदूर इलाकों में भारी बारिश होगी। हिमाचल प्रदेश में 28 फरवरी और 1 मार्च को गरज के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है। सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, और अंडमान और निकोबार के दक्षिणी द्वीपों में भी हल्की बारिश हो सकती है।