
मौसम में बदलाव होने का समय आ गया है। कई राज्यों में मानसून ने विदाई ले ली है तो कई राज्यों से मानसून जा रहा है। आमतौर पर दिवाली के आसपास ठंड का अहसास होने लगता है और गर्म कपड़े निकलने की शुरुआत हो जाती है। लेकिन इस बार दीवाली भी बीत गई पर ठंड का एहसास नहीं हुआ है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया है कि पूरे नवंबर के महीने में सर्दी आने के कोई संकेत नहीं हैं और मौसम गर्म रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने आगामी सर्दी के बारे में कोई संकेत नहीं देते हुए नवंबर में भी मौसम गर्म रहने की आशंका जताई है।
आपको बता दें की 1901 के बाद यह साल अक्टूबर का महीना सबसे गर्म महीना में रिकॉर्ड किया गया है। औसत तापमान सामान्य से 1.23 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड हुआ है। IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए गर्म मौसम के लिए पश्चिमी विक्षोभ की अनुपस्थिति और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव प्रणालियों के कारण पूर्वा हवाओं को जिम्मेदार बताया है। महापात्रा ने कहा कि अक्टूबर में औसत तापमान 26.92 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 1901 के बाद से सबसे गर्म तापमान है, जबकि सामान्य तापमान 25.69 डिग्री सेल्सियस होता है।
IMD की तरफ से बताया गया है की उत्तर-पश्चिमी भारत में तापमान में गिरावट के लिए उत्तर-पश्चिमी हवाओं की आवश्यकता होती है। मॉनसूनी प्रवाह भी देखा गया है, जो तापमान में गिरावट नहीं होने देता है।
IMD से दी जानकारी के अनुसार अगले दो सप्ताह तक उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से 2-5 डिग्री ऊपर बना रहेगा, जिसके बाद इसमें धीरे-धीरे मौसम में बदलाव आएंगे।
Updated on:
03 Nov 2024 09:18 am
Published on:
03 Nov 2024 09:18 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
