
नीमच. शहर के एक बाइक शोरूम के गोदाम से चोरी हुई पांचों बाइक पुलिस ने बरामद कर ली है। इस मामले में ६ आरोपियों को नामजद किया जा चुका है, दो की गिरफ्तारी शेष है।
गौरतलब है कि २५ नवंबर २०१७ की रात में एक बाइक शो रूम के इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित गोदाम में सेंधमारी कर बदमाशों ने पांच नई बाइक चोरी कर ली थी। शो रूम प्रबंधन की शिकायत पर बाइक चोरी का प्रकरण केंट पुलिस ने दर्ज किया था। एसपी तुषारकांत विद्यार्थी द्वारा इस वारदात को सुलझाने के लिए विशेष टीम बनाई गई थी। टीआई गिरवरसिंह जलोदिया की टीम ने इस प्रकरण में कई बिंदुओं पर जांच की। जांच टीम के रडार पर कुछ संदिग्ध आए तो उनकी तलाश शुरू हुई। वाहन चैकिंग के दौरान एक बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जिसके पास बिना नंबर की नई बाइक थी। पूछताछ की तो संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। गहन छानबीन में आखिरकार बदमाश ने खुद के पास मौजूद बाइक का ही नहीं बल्कि गोदाम से बाइक के जखीरे की चोरी का पूरा राज उगल दिया। पुलिस ने एक चोरी की बाइक समेत आरोपी धर्मसिंह उर्फ काजल बावरी निवासी धामनिया को गिरफ्तार कर लिया। रिमांड पर लिया गया तो वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के भी नाम खुलने लगे। पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर दो बाइक बरामद की। इसके बाद एक बाइक खरीददार को भी इस मामले में गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों से उसने मात्र १० हजार रुपए में बाइक ले ली थी, जिस पर किसी पुरानी बाइक के नंबर की प्लेट लगा ली थी। अब तक इस प्रकरण में धर्मसिंह उर्फ काजल के अलावा अनोखीलाल, देवीलाल बागरी निवासी धामनिया, जवाहरलाल आंजना निवासी केसुंदा थाना छोटीसादड़ी राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन आरोपियों की निशानदेही पर सभी पांच बाइक बरामद हो चुकी है। जबकि दो और आरोपियों को इसमें नामजद किया गया है जिनकी तलाश की जा रही है।
इधर गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। टीआई गिरवरसिंह की टीम के एसआई आरएस पंवार, प्रधान आरक्षक देवेंद्रसिंह सेंगर, आरक्षक रामप्रसाद एवं टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई थी।
चोरी की बाइक से की थी लूट-
बदमाशों ने छोटीसादड़ी के धामनिया-नारायणी के पास एक बाइक सवार के साथ लूट की वारदात की थी। जिसमें फरियादी के साथ मारपीट कर उससे नकदी लूट लिए गए। छोटीसादड़ी थाने पर यह प्रकरण दर्ज हुआ है। इस वारदात में बदमाशों ने नीमच के बाइक गोदाम से चुराई गई नई बाइक का इस्तेमाल किया था।
Updated on:
14 Feb 2018, 10:19 PM IST
Published on:
14 Feb 2018, 10:19 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.