
opium smuggling bharat mala expressway encounter 100kg seized (demo pic)
mp news: मादक पदार्थों की तस्करी में एक बार फिर मध्यप्रदेश के नीमच का नाम बड़े स्तर पर सामने आया है। राजस्थान की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और स्थानीय पुलिस ने 'ऑपरेशन मद-प्रलय' के तहत अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। जांच में साफ हुआ है कि सांचौर में पकड़ी गई 81 किलो अवैध अफीम की विशाल खेप मध्यप्रदेश के नीमच जिले से ही लोड कर राजस्थान ले जाई जा रही थी। इस खुलासे के बाद नीमच के तस्करों और उनके सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है।
इस नेटवर्क का पर्दाफाश तब हुआ जब सांचौर (जालौर) के लाछड़ी टोल प्लाजा (भारतमाला एक्सप्रेस-वे) पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। स्पेशल टास्क फोर्स के महानिरीक्षक (IG) विकास कुमार ने बताया कि तस्करों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अदम्य साहस दिखाते हुए एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने भी मुंहतोड़ जवाबी फायरिंग की और तस्करों की घेराबंदी कर ली। पुलिस के इस कड़े रुख और कोई रास्ता न देख तस्करों को मौके पर ही घुटने टेकने पड़े।
तलाशी लेने पर वाहन से 81 किलो अफीम का दूध बरामद हुआ। मौके से शिवपुरा (पाली) निवासी दो आरोपियों श्रवण राम और सूरजा राम को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच और पूछताछ में यह स्पष्ट हो गया है कि यह अफीम एक सुगठित साजिश के तहत नीमच से लाई गई थी और इसे राजस्थान में बड़े पैमाने पर खपाने की योजना थी।
नीमच से जुड़े इस नेटवर्क पर एएनटीएफ की यह अकेली चोट नहीं है। 'ऑपरेशन मद-प्रलय' के तहत ही भीलवाड़ा में भी एक बड़ी कार्रवाई की गई। यहां गंगानगर और बीकानेर के तीन तस्करों सुभाष, मनफूल और कैलाश को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 21 किलो अफीम और एक गाड़ी बरामद की गई है। आईजी विकास कुमार के अनुसार, इन दोनों कार्रवाइयों में पकड़ी गई 1 क्विंटल (102 किलो) से अधिक अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक है।
नीमच के साथ-साथ मध्य प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी राजस्थान एएनटीएफ की नजर है। 'ऑपरेशन 750' के तहत पिछले चार दिनों से मध्य प्रदेश में डेरा डाले हुए एएनटीएफ की टीम ने हाल ही में झालावाड़ में पकड़ी गई बड़ी एमडी (MD) ड्रग्स फैक्ट्री के मामले में अहम कामयाबी हासिल की है। टीम ने नीमच के पड़ोसी जिले आगर-मालवा के बड़ौद थाना क्षेत्र से 25-25 हजार रुपये के दो इनामी वांटेड आरोपियों गोपाल सिंह और नरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
Published on:
17 Mar 2026 06:39 pm
बड़ी खबरें
View Allनीमच
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
