28 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नीमच यातायात पुलिस ने मौत का बोर्ड लगाकर किया सचेत

21 दिन में 5 लोगों की मौत को सूचना बोर्ड लगा कर रहे लोगों को जागरूक, रेड (ब्लैक) स्पॉट पर हादसे रोकने के लिए यातायात पुलिस की पहल

2 min read
Google source verification

नीमच

image

Mukesh Sharaiya

May 28, 2026

Neemuch Breaking News

इस तरह के बोर्ड लगाकर किया जा रहा लोगों को जागरूक।

21 दिन में 5 लोगों की मौत को सूचना बोर्ड लगा कर रहे लोगों को जागरूक, रेड (ब्लैक) स्पॉट पर हादसे रोकने के लिए यातायात पुलिस की पहल

नीमच. कभी ब्लैक स्पॉट पर हादसे में क्षतिग्रस्त हुआ वाहन रखकर लोगों को रफ्तार नियंत्रित रखने के प्रति जागरूक किया जाता था। इसका सार्थक प्रभाव भी वाहन चालकों पर पड़ता था। लोग भी क्षतिग्रस्त वाहन देखकर अपने वाहन की चिंता करते थे। अब यातायात पुलिस ने लोगों को जागरूक करने के लिए इस तरह के रेड (ब्लैक) स्पॉट पर हादसों में मृत लोगों की संख्या दर्शाते बोर्ड लगाए हैं।

रेड स्पॉट्स पर मौत की हकीकत
मध्यप्रदेश की नीमच यातायात पुलिस ने जिले के रेड स्पॉट्स पर खूनी हकीकत बयां करने वाले बोर्ड लगाए हैं। सावधानी हटी, दुर्घटना घटी जैसे स्लोगन अब पुराने हो गए हैं। इन बोड्स पर स्पष्ट रूप से हादसे की तारीख और मृतक की संख्या का विवरण दर्ज किया गया है, ताकि वाहन चालक उस स्थान की संवेदनशीलता को गंभीरता से समझें। ब्लैक स्पॉट पर लगाए गए बोर्ड पर साफ साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए लिखा गया है कि 15 अप्रेल से 6 मई (21 दिन) के बीच हादसे में 5 लोगों की मृत्यु हुई है।

बोर्ड बता रहा ‘सडक़ बहुत जानलेवा है’
सडक़ हादसों में पुलिस का तर्क है कि जब वाहन चालक उस तारीख और मौत का जिक्र देखता है, तो उसे अहसास होता है कि यह सडक़ कितनी जानलेवा हो सकती है। नीमच में बढ़ते सडक़ हादसों को रोकने के लिए प्रशासन कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास की अध्याक्षता में हुई जिला सडक़ सुरक्षा समिति में लिए निर्णय अनुसार रेड (ब्लैक) स्थान पर संकेतक बोर्ड लगाने का अभियान चलाया गया। इसमें थाना यातायात के साथ साथ एनएचआई, एमपीआरडीसी एवं पीएमएसवाय के अधिकारियों को रेड स्पोट्र्स पर बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने व आमजन की सुरक्षा हेतु यातायात पुलिस नीमच का सराहनीय कदम उठाया है।

हादसों पर रोक लगाने का प्रयास
यातायात थाना प्रभारी सोनू बडग़ुजर एवं उनकी टीम द्वारा सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की जान-माल की सुरक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण पहल की है। यातायात पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र के चिह्नित स्पॉट और दुर्घटना संभावित मार्ग ग्राम चल्दू से लेकर सगरग्राम के बीच विशेष रेडियम चेतावनी और मौत के आंकड़ों वाले बोर्ड लगाए गए हैं। इसके माध्यम से वाहन चालकों को सचेत करने के लिए यह कदम उठाया गया है, ताकि भविष्य में होने वाले हादसों को रोका जा सके और लोग सतर्क होकर वाहन चलाएं।