
खली के लिए बना साढ़े 8 फीट का स्पेशल पलंग, खाने के लिए तैयार हुई 50 रोटियां
नीमच. दलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली नीमच पहुंचे, यहां उनके ठहरने और खाने की व्यवस्था स्पेशल की गई, उनकी करीब 7 फीट हाइट के अनुसार पलंग भी साढ़े 8 फीट का तैयार करवाया गया, वहीं उनकी डाइट के हिसाब से करीब 50 रोटियां और पनीर की कम मसाले की सब्जी बनाई गई। द ग्रेट खली के नीमच पहुंचते ही लोग उन्हें देखने के लिए हजारों की संख्या में उमड़ पड़े।
जानिये द ग्रेट खली की डाइट
आपको बतादें कि द ग्रेट खली की डाइट काफी बेहतर है, वे नाश्ते में 7-8 अंडे और अंजीर का सेवन करते हैं, उनका कहना है कि इनसे उन्हें भरपूर मात्रा में केल्शियम और प्रोटीन मिलता है, वे अंडे का पीला भाग नहीं खाते हैं उन्होंने बताया कि वे केवल सफेद भाग ही खाते हैं, क्योंकि पीला हिस्सा खाने से कोलेस्ट्रोल बढ़ता है, इसी के साथ वे लंच में करीब एक किलो रोस्ट किया हुआ चिकन, कम मसाले में पकी हुई सब्जियां और 40 से 50 रोटियां खाते हैं, वहीं रात के खाने में वे ब्रेड, 500 ग्राम चिकन, एक कटोरी ब्राउन राइस, रोस्टेड सब्जियां और एक किलो दूध पीते हैं।
फाइनल मुकाबले में पहुंचे खली
मध्यप्रदेश में फाइट ऑफ नाइट के फाइनल मुकाबले में रेसलर द ग्रेट खली नीमच आए, उन्होंने यहां की जनता पर खूब प्यार लुटाया और उनका मनोरंजन किया, यहां उनको देखने के लिए जन सैलाब उमड़ गया था, उन्होंने चर्चा के दौरान बताया कि वैसे तो वे पहलवानी को ही बढ़ावा देना चाहते हैं, लेकिन हाइकमान का आदेश मिला तो वे चुनाव मैदान में भी अपना दम दिखाने में पीछे नहीं रहेंगे।
जानकारी के अनुसार मिक्स मार्शल आर्ट नीमच के तत्वावधान में चौथीं एमएमए इंटरनेशन स्पर्धा में राजेंद्रप्रसाद स्टेडियम में फाइनल मुकाबले हुए। मुख्य आकर्षक द ग्रेट खली रहे। आयोजक समिति अध्यक्ष संतोष चौपड़ा ने बताया कि 5वीं एमएमए जूनियर-सीनियर राष्ट्रीय स्पर्धा में रविवार को फाइनल मैच खेले गए। विभिन्न प्रदेशों के खिलाडि़य़ों ने कला का प्रदर्शन किया। रोमाचंक मुकाबलों को देखने के लिए हजारों की तादाद में लोगों की भीड़ लगी रही, इस भव्य आयोजन में अफगानिस्तान, इथोपिया, सूडान, नाइजीरिया, नेपाल के खिलाड़ी थे। साथ ही फिल्मी कलाकार रणजीत, राजप्रेमी, क्लोडिया (बलमा सांग फेम) व अभिनेत्री अर्शिया अर्श, सिंगर विक्की काजला (देशी-देशी सांग फेम) व सिंगर वीर दहिया (तेरी अंखियों का काजल सांग फेम) हर फाइटिंग के बाद प्रस्तुति दी।
मीडिया से चर्चा के दौरान द ग्रेट खली ने बताया कि चुनाव मेरे लिए महत्वपूर्ण नहीं है मैं रेसलिंग को बढ़ावा देना चाहता हूं। हालांकि हाईकमान का आदेश हुआ तो चुनाव लड़ेंगे, उन्होंने कहा कि यदि काम करने को कहा तो सेवा करेंगे। पार्टी जहां जैसी ड्यूटी लगाएगी वैसा काम करेंगे।
Updated on:
23 May 2022, 1:44 PM IST
Published on:
23 May 2022, 1:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.