Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

स्पेन के मालोर्का द्वीप की गुफा के अंदर पानी में डूबा मिला 5,600 साल पहले बनाया गया पुल

यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ फ्लोरिडा के वैज्ञानिक पहुंचे अतीत में

less than 1 minute read
Google source verification

वॉशिंगटन. अमरीकी वैज्ञानिकों को स्पेन के मालोर्का द्वीप की एक गुफा के अंदर पानी में डूबा पुल मिला है। यह करीब 5,600 साल पुराना है। वैज्ञानिकों के शोध में बताया गया कि इस गुफा में उस समय इंसान रहते थे या उनका आना-जाना था। तापमान बढऩे से समुद्र का जलस्तर ऊपर उठता गया और यह इलाका पानी में डूब गया। वैज्ञानिकों का कहना है कि भविष्य में कई शहर इसी तरह पानी में डूब जाएंगे।

नेचर जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक भूमध्यसागर के पास गुफा 2000 में खोजी गई थी। तब से इस पर कई शोध किए गए। ताजा शोध यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ फ्लोरिडा (यूएसएफ) के वैज्ञानिकों की अगुवाई में किया गया। स्कूबा डाइविंग कर इसमें खोजा गया पुल 25 फीट लंबा है। यह लाइमस्टोन (चूना पत्थर) से बना है। यूएसएफ के भू-वैज्ञानिक बोगडान ओनैक ने बताया कि गुफा में विशेष प्रजाति की बकरी की हड्डियां भी मिली हैं। यह प्रजाति अब विलुप्त हो चुकी है।

पट्टियों का अध्ययन

मलोर्का काफी बड़ा द्वीप है। इंसानों ने हजारों साल पहले इस पर रहना शुरू किया था। बकरी की हड्डियों और पुल पर बनी अलग-अलग रंगों की पट्टियों का अध्ययन किया गया। समुद्र में पड़ी चीजों पर अलग-अलग रंग की परत जम जाती है। इनके अध्ययन से पुल की उम्र का पता चला।

भूमध्यसागर के दो हिस्सों के बीच में

शोधकर्ताओं का अनुमान है कि गुफा के अंदर पुल पूर्वी भूमध्यसागर और पश्चिमी भूमध्यसागर के बीच दूरी कम करने के लिए बनाया गया होगा। उस समय के लोग इसके जरिए सागर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से की तरफ आते-जाते होंगे।