
दिल्ली: पांच लाख रुपए के लिए एक शख्स ने पत्नी की गला दबाकर की हत्या, गिरफ्तार
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एक शख्स ने अपनी पत्नी की गला दबा कर हत्या कर दी। इसके पीछे का कारण जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। दरअसल दिल्ली रेलवे पुलिस ने शनिवार को अब्दुल हकीम नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया है जिसने बड़े ही व्यवस्थित तरीके से अपनी तीसरी पत्नी की हत्या कर दी। रेलवे डीसीपी डीके गुप्ता ने बताया कि आरोपी उत्तम नगर का रहने वाला है। बीते 6 जुलाई को अपनी पत्नी के घुटने का इलाज कराने के लिए अब्दुल हापुड़ के पास सिंभावली गया था। वहां पर पत्नी के घुटनों का इलाज करवाया और दिल्ली आने के लिए ट्रेन में बैठा। अब्दुल मुरादाबाद पैसेंजर ट्रेन से पत्नी को लेकर वापस लौट रहा था। जब ट्रेन गाजियाबाद के पास आउटर में रुकी और स्लीपर बोगी खाली हुई तो मौका देखकर पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद स्लीपर बर्थ पर पत्नी की लाश को सुलाकर अब्दुल विवेक विहार रेलवे स्टेशन पर उतर गया। बता दें कि पुलिस ने बताया कि आरोपी विवेक विहार में इसलिए उतरा क्योंकि आरोपी को पता था कि इस रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। जब आरोपी उत्तम नगर स्थित अपने घर पहुंच गया उसके बाद अपना मोबाइल फोन ऑन किया और फिर अपने परिवार और रिश्तेदारों को पत्नी की गुमशुदगी के बारे में जानकारी दी। साथ ही अगले दिन 7 जुलाई को उत्तम नगर पुलिस थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
कैसे खुली पोल
आपको बता दें कि जिस रात अब्दुल ने अपनी पत्नी की हत्या कर ट्रेन में छोड़ दिया उस रात ट्रेन पुरानी दिल्ली रेलवे यार्ड में गाड़ी आकर खड़ी हुई तो रेलवे स्टाफ ने महिला की लाश देखी। फौरन रेलवे पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस लाश की शिनाख्त करने में जुट गई। दूसरी तरफ आरोपी बीमा पॉलिसी को कैश कराने की तैयारी करने लगा। इस बीच उसे मालूम हुआ कि बिना लाश के उसे बीमा का पांच लाख रुपए नहीं मिलेंगे। इसके बाद आरोपी पत्नी की फोटो लेकर पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा। फोटो देखकर रेलवे पुलिस ने यार्ड में मिली लाश की पहचान कर ली। पुलिस पति को पीड़ित समझ रही थी। हालांकि पति की मौजूदगी में 25 जुलाई को उसकी पत्नी का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम से पता चला कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई है। इसपर पुलिस को शक हुआ। अब्दुल ने पुलिस को गुमराह करने के लिए विनोद नाम के एक शख्स पर आरोप लगा दिया। हालांकि जब पुलिस ने सख्ती दिखाई तो अब्दुल ने सारी गुनाह को कबूल कर लिया। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि इससे पहले अब्दुल 2 पत्नियों को तलाक दे चुका है और अब अपनी तीसरी पत्नी से भी खुश नहीं था। उसे भी तलाक देना चाहता था। लेकिन अब्दुल ने अपनी तीसरी पत्नी के नाम पांच लाख रुपए का बीमा करवा रखा था और अब उसे भुनाने के लिए अपनी पत्नी की हत्या कर दी।
Published on:
25 Aug 2018, 9:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.