
तीन बहनों से मिलने भारत आना चाहता है चाल्र्स शोभराज
काठमांडू. उन्नीस साल जेल में रहने के बाद नेपाल की शीर्ष अदालत के आदेश पर शुक्रवार को जेल से रिहा हुए कुख्यात अपराधी चाल्र्स शोभराज की भारत आने की इच्छा है। वह पुणे में अपनी बहनों से मिलना चाहता है। उसने गिरफ्तारी के बाद एक साक्षात्कार में यह इच्छा जाहिर की थी। भारतीय और वियतनामी मूल के फ्रांसीसी नागरिक और बिकिनी किलर के नाम से कुख्यात चाल्र्स शोभराज को जेल से रिहा करने के बाद कागजी कार्रवाई के लिए आव्रजन अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया गया। कोर्ट ने उसे 15 दिन में प्रत्यर्पित करने के आदेश दिए थे।
चाल्र्स शोभराज ने 2016 में गिरफ्तारी के दौरान मेल के जरिए एक मीडिया हाउस को दिए साक्षात्कार में कहा था कि वह अब अपना बचा हुआ जीवन परिवार के साथ फ्रांस में बितना चाहता है। उसकी बेटी पेरिस में रहती है। वह सबसे पहले अपनी बेटी के पास ही जाएगा। उससे पूछा गया कि क्या उसका कभी भारत आने का इरादा है तो उसने कहा था कि मैं निश्चत रूप से भारत आऊंगा। मैं पुणे में अपनी तीन बहनों से मिलना चाहता हूं। गौरतलब है कि शोभराज ने सवालों के जवाब देते हुए शर्त रखी थी कि यह साक्षात्कार उसकी रिहाई के बाद ही प्रकाशित किया जाए। इसी साक्षात्कार चाल्र्स ने दावा किया था कि तिहाड़ जेल में उसकी मुलाकात पाकिस्तानी आतंकी मसूद अजहर से हुई थी। बाद में इंडियन एयरलाइंस के विमान अपहरण के मामले में वह तत्कालीन विदेश मंत्री जसवंत सिंह और मसूद अजहर के साथियों के संपर्क में था। उसने मामले को सुलझाने में भूमिका निभाई थी।
कई साल जीवित रहने की ख्वाहिश
शोभराज (78) ने सेहत के सवाल पर कहा था कि वह अभी कई साल जीवित रहेगा। उसने कहा कि वह खुद को किताबों, लेखन और व्यवसाय को समर्पित करना चाहता है। वह खुद पर एक किताब भी लिख रहा है, जिसे रिहाई के बाद प्रकाशित करवाएगा। उसने दावा किया कि वह सख्त शारीरिक और मानसिक अनुशासन का पालन करता है। इसके कारण उसका स्वास्थ्य अच्छा है।
रणदीप हुड्डा ही फिर निभाए मेरी भूमिका
चाल्र्स शोभराज अभिनेता रणदीप हुड्डा का दीवाना है। हुड्डा से मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर उसने कहा, मैं चाहता हूं मेरे पर आधारित अगली फिल्म में रणदीप हुड्डा ही मेरी भूमिका निभाए, क्योंकि मुझ पर बनी फिल्म मैं और चाल्र्स में उसने बेहतरीन काम किया है।
Updated on:
24 Dec 2022 12:48 am
Published on:
24 Dec 2022 12:45 am

बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
