
दिल्ली सरकार की वेबसाइट बीते चार दिनों से ठप, सीएम केजरीवाल ने IT मंत्री को लगाई फटकार
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार की आधिकारिक वेबसाइट कई दिनों से ठप है और अब नींद से जागी केजरीवाल सरकार ने जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्री कैलाश गहलोत को निर्देश दिया कि वह इस बात की समीक्षा करें कि दिल्ली सरकार की वेबसाइट काम क्यों नहीं कर रही है। केजरीवाल ने गहलोत से कहा कि संबंधित अधिकारियों की इस मुद्दे पर बैठक बुलाई जाए और 24 घंटे के भीतर एक अनुपालन रिपोर्ट सौंपी जाए। बता दें कि केजरीवाल के इस अंदाज से ऐसा लगता है कि वे एक बार फिर से अपने पुराने अंदाज में लौट रहे हैं।
थोड़ी ही देर में काम करने लगी वेबसाइट
आपको बता दें कि जैसे ही सीएम केजरीवाल ने जांच के आदेश दिए कुछ ही समय के बाद वेबसाइट सामान्य तौर पर काम करने लगी। वेबसाइट चार दिनों से काम नहीं कर रही थी। जनता की तरफ से शिकायतें आ रही थीं कि वेबसाइट पिछले कुछ महीनों से ठीक से काम नहीं कर रही। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री वेबसाइट के ठीक से काम न करने को लेकर नाराज थे और उन्होंने गहलोत को इस बात की चेतावनी तक दे डाली थी कि यदि समस्या दूर नहीं हुई तो यह विभाग उनसे छीन लिया जाएगा। रिपोर्ट में बताया गया है कि केजरीवाल ने गहलोत को यह निर्देश भी दिया कि आईटी सचिव को एक कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए "जो खुद बहानेबाजी कर किसी कनिष्ठ अधिकारी को जिम्मेदार नहीं ठहरा सकते।" सचिव को 24 घंटे के भीतर एक लिखित जवाब देने के लिए कहा गया है। आपको बता दें कि दिल्ली सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर सरकार से जुड़ी कई अहम सूचनाएं और नोटिफिकेशन मौजूद होती हैं। इसके अलावे सरका से जुड़ी मूलभूत सेवाएं भी जुड़ी हुई हैं।
Published on:
29 Jul 2018, 9:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.