
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने हस्तशिल्प कारीगरों को वर्ष 2018 व 2019 के ‘स्टेट हैंडीक्राफ्ट अवार्ड’ से सम्मानित किया।
हैंडीक्राफ्ट उद्योग को दिल्ली सरकार की तरफ से बढ़ावा दिया जा रहा है। गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में कई हस्तशिल्प कारीगरों को सम्मानित किया गया। इन कलाकारों के आर्ट-वर्क को दिखाने के लिए सचिवालय के ऑडिटोरियम में एक प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस अवसर पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि हस्तकला भारत की बहुमूल्य सांस्कृतिक धरोहर का एक प्रतीक है। इस उद्योग का हमारे देश की अर्थव्यवस्था में विशेष रूप से रोजगार के अवसर पैदा करने और निर्यात के क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान है। हमारे कलाकारों के बहुत प्रयास और मेहनत की बदौलत देश में हस्तकला का निर्यात बढ़ा है। हस्तकला ने अर्थव्यवस्था में भी अपना योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली, देश के हस्तशिल्प केंद्रों में प्रमुख स्थान पर रहा है। यहां के मीनाकारी, जरी-जरदोजी,धातु पर नक्काशी, काष्ठ कला, लघु चित्र, मधुबनी चित्रकारी, खिलौने और गुड़िया बनाना और कालीन बुनाई जैसे हस्तशिल्प की विश्व-भर में सराहना की जाती है। हस्तशिल्प क्षेत्र को और बढ़ावा देने के लिए इस क्षेत्र को टेक्नोलॉजी से जोड़ने की जरूरत है। इससे 10 गुणा तक हस्तशिल्प व्यापार बढ़ेगा।
2 करोड़ लोग जुड़े हुए हैं हैंडीक्राफ्ट इंडस्ट्री से
सिसोदिया ने कहा कि वर्तमान में भारत में प्रत्यक्ष रूप से 70 लाख व अप्रत्यक्ष परोक्ष रूप से 2 करोड़ लोग हस्तशिल्प उद्योग में शामिल है। ये कृषि के बाद ऐसा बड़ा सेक्टर है जिसमें इतनी संख्या में लोग शामिल है उसके बाद भी कुल निर्यात में इस सेक्टर का योगदान केवल 1.5 पर्सेंट ही है। इसलिए इस उद्योग को टेक्नोलॉजी के साथ जोड़ते हुए हमें वैश्विक प्लेटफ़ॉर्म पर लेकर जाना है और इसे कुल निर्यात के 10 पर्सेंट तक पहुंचाना है।
विजेताओं को मिली पुरस्कार राशि
इस स्टेट अवार्ड में दो प्रकार के पुरस्कार शामिल हैं। पहला अवार्ड ‘स्टेट हैंडीक्राफ्ट अवार्ड’ है। जिसके विजेताओं को 30 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाती है। वहीं, दूसरा अवार्ड ‘स्टेट हैंडीक्राफ्ट एक्सीलेंस अवार्ड’है, जिसके विजेताओं को 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है। आज के कार्यक्रम में मीरा झा, सुमित्रा देवी व मुकेश कुमार हस्तशिल्प कारीगरों को वर्ष 2018 के ‘स्टेट हैंडीक्राफ्ट अवार्ड’से सम्मानित किया गया। वहीं, हसन शेख, सपना कर्ण, गौरव पाठक, शीला देवी व मनीष शर्मा को वर्ष 2018 के ‘स्टेट हैंडीक्राफ्ट एक्सीलेंस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। साथ ही दीपांशु वर्मा, ऋतु संगल व अमित धवन को वर्ष 2019 के ‘स्टेट हैंडीक्राफ्ट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। वहीं, पूनम, पदमा खरे, विक्की, रजनी किरण झा व रामवती को वर्ष 2019 के ‘स्टेट हैंडीक्राफ्ट एक्सीलेंस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
Published on:
21 Jul 2022 07:53 pm

बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
