
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक के बाद बेघरों को रैन बसेरों तक पहुंचाने के लिए जारी किया गया हेल्पलाइन नंबर।
कड़ाके की सर्दी में बेघरों को रैन बसेरों तक पहुंचाने के लिए और दिल्ली सरकार के विंटर एक्शन प्लान के तहत डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को विभिन्न संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। जिसके बाद बेघरों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया। इस हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से लोग डूसिब को बेघरों के विषय में जानकारी दे सकते हैं। डूसिब की बचाव टीम वहां पहुंचकर बेघरों को नजदीकी शेल्टर होम तक पहुंचाने का काम करेंगी। इस संबंध में डिप्टी सीएम ने कहा कि शेल्टर होम में रहने वाले लोग समाज के सबसे गरीब तबके में शामिल होते हैं और इनकी ओर कोई सरकार ध्यान नहीं देती। सीएम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार इन्हें भी बेहतर जीवन देने के लिए प्रतिबद्ध है। दिल्ली में हर साल कड़ाके की ठंड पड़ती है, ऐसे में सरकार नहीं चाहती कि किसी भी बेघर व्यक्ति को ठंड में आश्रय के लिए भटकना पड़े। इसके लिए सरकार ने दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में 17 हजार से ज्यादा लोगों के रहने की क्षमता वाले 195 स्थायी, अस्थायी व पोर्टा केबिन वाले रैन-बसेरे स्थापित किए हैं। साथ ही सर्दियों में जरुरत पड़ने पर सरकार इनकी क्षमता बढ़ाएगी। कंट्रोल रूम से इन नंबरों 011-23378789 व 011-23370560 के माध्यम से भी संपर्क स्थापित किया जा सकता है।
लोग दे सकते हैं बेघरों के विषय में जानकारी
दिल्ली सरकार के अनुसार 14461 हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से लोग डूसिब को बेघरों के विषय में जानकारी दे सकते हैं और डूसिब की बचाव टीम वहां पहुंचकर बेघरों को नजदीकी शेल्टर होम तक पहुंचाने का काम करेगी। समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि डूसिब ने इस साल 15 बचाव टीमों को पूरी दिल्ली में लगाया है। ये बचाव टीम अपने अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में रात के 8 बजे से सुबह 4 बजे तक लगातार सर्विलांस करती है और बेघरों को शेल्टर होम तक रेस्क्यू करने का काम करती है। इस बचाव टीम ने पिछले कुछ हफ़्तों में ही 1500 से ज्यादा लोगों को रेसक्यू करने का काम किया है।
आश्रितों को रैन बसेरों में मिल रही है कई सुविधाएं
दिल्ली सरकार के अनुसार इन रैन-बसेरों में आश्रितों को रहने की सभी सुविधाएं पीना का पानी,शौचालय,लॉकर आदि सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। सुरक्षा की दृष्टि से इन रैन-बसेरों में सीसीटीवी कैमरा भी लगाए गए है। साथ ही रैन-बसेरों में रहने वाले लोगों को दिन में 3 बार नि:शुल्क भोजन उपलब्ध करवाया जाता है। शेल्टर होम में रहने वाले लोग नजदीकी मोहल्ला क्लिनिक से अपना इलाज करवा सकते है तथा किसी भी मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में रेस्क्यू टीम उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाने का काम करेगी। डूसिब ने महिलाओं के लिए 17, ड्रग-एडिक्ट्स के लिए 4 शेल्टर होम व सराय काले खां, गीता घाट और कबीर बस्ती में 3 रिकवरी शेल्टर होम भी निर्मित किए है।
Published on:
13 Dec 2022 10:32 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
