
फोटो पत्रिका
Mongolpuri PG Murder: राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पीजी के कमरे में बेड बॉक्स के अंदर महिला का शव बरामद हुआ है। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और इस हत्याकांड के सिलसिले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस हत्या के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए गहन पूछताछ कर रही है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पत्थर मार्केट स्थित एक इमारत की तीसरी मंजिल पर अमरजीत नाम का एक व्यक्ति पीजी चलाता है। इसी पीजी के एक कमरे में करीब 35 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ, जिस पर गला दबाने के निशान और माथे पर चोट के निशान पाए गए। मौके पर दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार मृतका और आरोपी के बीच प्रेम संबंध थे। 7 अप्रैल की शाम करीब 4:30 बजे महिला आरोपी से मिलने उसके पीजी पहुंची थी। लगभग एक घंटे तक कमरे में रुकने के बाद आरोपी वहां से निकल गया। कुछ देर बाद पीजी संचालक को उसकी हरकतों पर शक हुआ तो उसने तुरंत ही पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे की तलाशी ली तो वारदात का खुलासा हुआ।
मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान सुरेंद्र उर्फ बॉबी, जोगिंदर और दीपक के रूप में हुई है, जो सभी मंगोलपुरी इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे प्रेम संबंध और आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और हत्या के सटीक कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
Updated on:
08 Apr 2026 05:54 pm
Published on:
08 Apr 2026 05:54 pm
