- सरकारी नर्सरियो से मुफ्त बांटे जाएंगे औषधीय पौधे
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार का दूसरा वन महोत्सव रविवार से द्वारका में शुरू होगा। इसके तहत आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पौधरोपण किया जाएगा। इसमें ईको क्लब के बच्चों व शिक्षकों समेत आरडब्लूए के सदस्य मौजूद रहेंगे। साथ ही निःशुल्क औषधीय पौधों के वितरण का कार्य भी किया जाएगा।
वन व पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बताया कि दिल्ली में साल 2020 से अब तक एक करोड़ 18 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। नतीजन राष्ट्रीय राजधानी के प्रदूषण स्तर में लगातार गिरावट आ रही है और हरित क्षेत्र (ग्रीन कवर ) भी बढ़ रहा है। दिल्ली सरकार ने इस वर्ष 52 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह काम 21 विभागों की हरित एजेंसियां पूरा करेगी। इसके अलावा नई दिल्ली म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (एनडीएमसी) लगभग 50 लाख पौधे रोपेगा।
राय के अनुसार सरकार दिल्ली के प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में वन महोत्सव का आयोजन कर रही है। इसके तहत सातों लोकसभा क्षेत्रों में हर रविवार को पौधरोण करवाया जा रहा है। वन महोत्सव में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 14 सरकारी नर्सरियों के जरिए मुफ्त में औषधीय पौधे बांटे जाएंगे। पहला आयोजन गत 9 जुलाई को पूसा में करने के अब रविवार को पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के द्वारका मेला ग्राउंड में वन महोत्सव मनाया जाएगा। उत्तर पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र का कार्यक्रम यमुना में बाढ़ के कारण गत 16 जुलाई को स्थगित करना पड़ा था। यहां के वन महोत्सव कार्यक्रम की नई तारीख भी जल्द ही घोषित की जाएगी |