
डीयू के वाइस चांसलर प्रो योगेश सिंह, रजिस्ट्रार प्रो विकास गुप्ता, डीयू की डीन (एडमिशन) प्रो हनीत गांधी ने सोमवार को प्रेसवार्ता करते हुए इस मौके पर कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) 2022 पोर्टल को लॉन्च कर दिया है।
डीयू के वाइस चांसलर प्रो योगेश सिंह, रजिस्ट्रार प्रो विकास गुप्ता, डीयू की डीन (एडमिशन) प्रो हनीत गांधी और पीआरओ अनूप लाठर ने सोमवार को प्रेसवार्ता करते हुए अकादमिक वर्ष 2022-23 के रजिस्ट्रेशन प्रोसेस को शुरू करते हुए कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) 2022 पोर्टल को लॉन्च कर दिया है। प्रो योगेश सिंह ने बताया कि CUET के जरिए इस वर्ष 6 लाख 14 हजार छात्रों ने डीयू में दाखिले के लिए अपनी प्राथमिकता दर्ज कराई है। हमने एडमिशन पोर्टल छात्रों के रजिस्ट्रेशन के लिए शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष डीयू के 67 कॉलेजों, विभागों व केंद्रों में 79 यूजी (Undergraduate) प्रोग्रामों में दाखिले दिए जाने हैं।जिनमें बीए प्रोग्रामों के लिए 206 संयोजन (Combination) शामिल हैं। यह प्रक्रिया इसी सीएसएएस पोर्टल के माध्यम से ही पूरी होगी। सीएसएएस-2022 तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। जिसमें पहले चरण में दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में आवेदन करना होगा, दूसरे चरण में वरीयता (Preference) भरना होगा और तीसरे चरण में सीट आवंटन-सह-प्रवेश भरना होगा।
डीयू में एडमिशन के लिए शुरू हुई रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया
प्रो योगेश सिंह ने सीएसएएस-2022 पोर्टल को लांच करते हुए बताया कि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है। हमारा प्रयास रहेगा कि स्पॉट राउंड से पहले दो अलाटमेंट राउंड रखे जाएं ताकि किसी भी इच्छुक छात्र को दिक्कत न रहे। उन्होने आवेदकों से अपील की वे अधिक से अधिक विकल्प भरें। जिससे अपनी पसंद के कालेज व विषयों के अलाटमेंट में उन्हें कोई दिक्कत न आए। उन्होने कहा कि हमने पॉलिसी को इस प्रकार से बनाया है कि परेशानियों को कम से कम किया जा सके। इसके बावजूद भी हमने मिड एंट्री दाखिलों का भी प्रावधान किया ताकि किसी कारण वश जो आवेदक छुट गए हैं उनको भी मौका मिल सके।
स्पोर्ट्स कोटे के दाखिले के ट्रायल 10 अक्टूबर से होंगे शुरू
प्रो योगेश सिंह ने बताया कि एकस्ट्रा करिकुलर एक्टिविटी (ECA) और स्पोर्ट्स कोटे के छात्रों के लिए ट्रायल 10 अक्तूबर के बाद होंगे। उम्मीद है कि छात्रों की कक्षाएं एक नवंबर से शुरू कर दी जाएंगी। रिजर्व कैटागिरी के दाखिलों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी तरह से संजीदा है। इसीलिए रिजर्व कैटेगीरी के लिए पहले राउंड में ही 30% अतिरिक्त दाखिलों का प्रावधान रखा गया है।
जनरल श्रेणी के 250 रुपये होगा रजिस्ट्रेशन शुल्क
डीयू की डीन एडमिशन प्रो हनीत गांधी ने दाखिला प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि पहले चरण के तहत सीएसएएस-2022 के लिए जनरल श्रेणी के लिए, ओबीसी-नॉन क्रीमि लेयर और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) श्रेणी के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क 250 रुपये और अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और पीडब्ल्यूडी यानी दिव्यांग छात्रों के लिए 100 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क निर्धारित किया गया है। छात्रों के पास 3 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन का अवसर है । यह नॉन रिफंडेबल होगा। दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने के इच्छुक उम्मीदवारों को सीएसएएस-2022 आवेदन पत्र के माध्यम से ही आवेदन करना होगा। सीएसएएस-2022 में आवेदन करने के लिए सीयूईटी (यूजी)-2022 की आवेदन संख्या अनिवार्य होगी। आवेदक द्वारा सीयूईटी (यूजी)-2022 के दौरान प्रस्तुत किए गए व्यक्तिगत विवरण जैसे नाम, फोटो और हस्ताक्षर आदि सीएसएएस-2022 में स्वतः एकीकृत हो जाएंगे। सीयूईटी में छात्रों ने जिन भी कोर्स के लिए अपनी प्राथमिकता दर्ज की है। डीयू के एडमिशन पोर्टल के जरिए अपने आप ही रजिस्ट्रेशन के समय ऑटोमेटिक वह कोर्स दर्ज हो जाएंगे। 10 अक्टूबर तक पहले राउंड के लिए छात्रों को कॉलेज चुनने का विकल्प मिलेगा। इसके बाद दूसरे राउंड और तीसरे राउंड में भी उनके कॉलेज अपनी प्राथमिकता के अनुसार चुनने का विकल्प मिलेगा। डीयू में कुल 70 हजार सीटों के लिए कुल 79 कॉलेजों में छात्रों को दाखिले का अवसर मिलेगा। पहली बार बिना कटऑफ के डीयू के सभी कॉलेजों में दाखिले होंगे।
अपनी जानकारियों को भरते समय बरतें सावधानी
प्रो हनीत गांधी ने कहा कि उम्मीदवार अपने व्यक्तिगत विवरण, श्रेणियां/उप-श्रेणियां/जाति जमा करने में सावधानी बरतें क्योंकि एक बार सबमिट होने के बाद ये विवरण बदले नहीं जा सकेंगे। दिल्ली विश्वविद्यालय से सभी संचार केवल सीएसएएस-2022 आवेदन पत्र में भरी गई ईमेल आईडी पर ही किए जाएंगे। उम्मीदवारों को उन सभी विषयों के अंक भी सबमिट करने होंगे जिनमें उन्होंने बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण की है। उम्मीदवार बारहवीं कक्षा के अंक भरते समय अत्यधिक सावधानी बरतें क्योंकि यदि मेरिट टाई हो जाती है तो ये अंक उसको तोड़ने का आधार बनेंगे। प्रो. गांधी ने बताया कि सीएसएएस का दूसरा चरण सीयूईटी (यूजी)-2022 के परिणाम घोषित होने के बाद शुरू होगा। इस चरण में, उम्मीदवारों को अपने प्रोग्राम और कॉलेज संयोजन का चयन करना होगा और अपनी वरीयताएँ भरनी होंगी। प्रोग्राम और कॉलेज संयोजन के चयन का क्रम भी सीटों के आवंटन के लिए वरीयता क्रम का निर्धारण करेगा। इसलिए, उम्मीदवार को वरीयता क्रम में प्रोग्राम और कॉलेज संयोजनों की वरीयता को ध्यान से प्राथमिकता देनी चाहिए। अंत में, उम्मीदवारों को वरीयता भरने के चरण के अंतिम दिन पर या उससे पहले 'सबमिट' पर क्लिक करके प्रोग्राम और कॉलेज संयोजनों के लिए वरीयता क्रम की पुष्टि करनी होगी। समय सीमा समाप्त होने के बाद प्रोग्राम और कॉलेज संयोजन वरीयता सूची के बदलाव की अनुमति नहीं दी जाएगी।
आवंटित सीट को अंतिम तिथि से पहले करना होगा स्वीकार
प्रो हनीत गांधी ने कहा कि एक बार किसी विशेष राउंड में सीट आवंटित हो जाने के बाद, उम्मीदवार को दिए गए आवंटन राउंड के लिए निर्धारित अंतिम तिथि व समय से पहले उसे आवंटित सीट को स्वीकार करना होगा। किसी विशेष आवंटित सीट की स्वीकृति का प्रावधान केवल उसी दौर के लिए मान्य होगा जिसमें उम्मीदवार को सीट आवंटित की गई थी। आवंटित सीट के लिए गैर-स्वीकृति के रूप में कार्रवाई नहीं की जाएगी। इसे अनंतिम रूप से आवंटित सीट में डिकलाइन के रूप में माना जाएगा और उम्मीदवार अब सीएसएएस-2022 के बाद के दौर में भाग लेने में सक्षम नहीं होगा। यदि किसी उम्मीदवार को किसी विशेष राउंड में कई सीटों की पेशकश की जाती है, तो उसे केवल एक सीट को ही स्वीकार करना चाहिए। एक बार जब उम्मीदवार अनंतिम रूप से आवंटित सीट को "स्वीकार" कर लेता है, तो संबंधित कॉलेज उम्मीदवार द्वारा अपलोड की गई पात्रता और दस्तावेजों की जांच करेगा। सत्यापन के बाद, कॉलेज उम्मीदवार की अनंतिम रूप से आवंटित सीट को 'स्वीकृति' या 'अस्वीकार' करेगा।
हर राउंड से पहले खाली सीटों को प्रदर्शित करेगा डीयू
प्रो हनीत गांधी ने बताया कि एक बार कॉलेज की मंजूरी के बाद, उम्मीदवार को 'प्रवेश शुल्क' का भुगतान करना होगा। प्रवेश शुल्क का सफल प्रेषण उम्मीदवार के आवंटित कॉलेज और प्रोग्राम में अनंतिम प्रवेश की पुष्टि करेगा। अस्वीकृत, रद्द करने और नाम वापसी के कारण खाली हुई सीटों की उपलब्धता के आधार पर, विश्वविद्यालय कई आवंटन राउंड घोषित कर सकता है। प्रत्येक आवंटन राउंड से पहले विश्वविद्यालय अपनी दाखिला वेबसाइट (admission.uod.ac.in) पर खाली सीटों को प्रदर्शित करेगा। सीएसएएस -2022 के लिए आवेदन करने वाले सभी उम्मीदवार सभी आवंटन राउंड के लिए पात्र होंगे, सिवाय उन आवेदकों के जिनकी आवंटित सीट व दाखिला किसी भी कारण से रद्द कर दिया गया हो। जो उम्मीदवार "अपग्रेड" का विकल्प चुनते हैं। उन पर सीटों की उपलब्धता के अनुसार बाद के सीएसएएस-2022 आवंटन राउंड में विचार किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने ऐसा प्रावधान भी किया है जिसके माध्यम से आवेदक अनुमोदन के दौरान कॉलेज द्वारा उठाए गए किसी भी प्रश्न का उत्तर दे सकते हैं।
15 सितबंर को जारी हो सकते हैं सीयूईटी के नतीजे
उम्मीद की जा रही है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा सीयूईटी पहले और दूसरे चरण के परीक्षा के नतीजे 15 सितंबर तक जारी कर सकता है। डीयू की डीन एडमिशन प्रो हनीत गांधी ने बताया कि एडमिशन प्रक्रिया तीन फेज में संचालित होगी। पहले फेज में एडमिशन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। सीयूईटी के नतीजे जारी होने के बाद डीयू के एडमिशन पोर्टल में छात्र कॉलेज और कोर्स की प्रेफेरेंस भरेंगे। तीसरे फेज में दाखिले के वक्त कॉलेज में अपनी सीट फ्रीज (Freeze) करनी होगी। यदि छात्र किसी दूसरे कॉलेज या कोर्स में दाखिले के इच्छुक होंगे। तो वह एडमिशन पोर्टल पर अपग्रेड (Upgrade) के ऑप्शन पर भी क्लिक कर सकते हैं। हालांकि, छात्रों को ये लाभ मिलेगा कि पहले राउंड के समयय जो उन्होंने कॉलेज और कोर्स भरा है और सीट फ्रीज न करते हुए अपग्रेड की है। तो भी उनकी सीट उस कॉलेज में दर्ज रहेगी। तीसरे राउंड के बाद एक बार और रजिस्ट्रेशन मिलेगा।
छात्रोें के लिए मिड-एंट्री का है प्रावधान
प्रो हनीत गांधी ने बताया कि निर्धारित समय के दौरान किन्ही कारणों से सीएसएएस-2022 के लिए आवेदन करने में विफल रहे उम्मीदवारों के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय मिड-एंट्री का प्रावधान भी कर रहा है। ऐसे उम्मीदवार सीएसएएस-2022 में मिड-एंट्री शुल्क के रूप में 1000 रुपये का भुगतान करके भाग ले सकते हैं। हालांकि, मिड एंट्री एडमिशन के लिए केवल तभी विचार किया जा सकता है जब उन सभी उम्मीदवारों के सीट आवंटन हो चुके हों जिन्होंने पहले आवेदन किया था और न्यूनतम घोषित स्कोर से अधिक योग्यता अंक आवंटित किए गए थे। (बी.ए. (बी.ए.) ऑनर्स) म्यूजिक, बीएससी फिजिकल एजुकेशन, हेल्थ एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स), ईसीए और स्पोर्ट्स सुपरन्यूमेरी कोटा जैसे प्रदर्शन-आधारित प्रोग्रामों के लिए मिड एंट्री प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परफॉर्मेंस-आधारित प्रोग्रामों में होगी सीट आवंटन
प्रो हनीत ने बताया कि परफॉर्मेंस-आधारित प्रोग्रामों में सीट आवंटन के लिए 50 पर्सेंट सीयूईटी स्कोर से और पर्सेंट वेटेज प्रफ़ोर्मेंस टेस्ट स्कोर से दिया जाएगा। ईसीए और स्पोर्ट्स सुपरन्यूमेरी कोटा के तहत प्रवेश के लिए 25 पर्सेंट सीयूईटी स्कोर और 75 पर्सेंट वेटेज सर्टिफिकेट और ट्रायल को दिया जाएगा। ईसीए और खेल दोनों के लिए 1 अप्रैल 2017 से 30 जून 2022 की समयावधि के बीच जारी किए गए प्रमाणपत्रों पर ही विचार किया जाएगा। ईसीए और स्पोर्ट्स सुपरन्यूमेरी कोटा में प्रवेश के लिए सीट आवंटन का आधार संयुक्त ईसीए मेरिट (सीईएम) और संयुक्त स्पोर्ट्स मेरिट (सीएसएम) के अनुसार होगा।
पहले राउंड में होंगे अतिरिक्त एलोकेशन
डीयू ने यह भी निर्णय लिया है कि सीट आवंटन के पहले दौर में प्रत्येक कॉलेज के प्रत्येक प्रोग्राम में यूआर (Unreserved-General Category), ओबीसी-एनसीएल, ईडब्ल्यूएस श्रेणियों में 20 पर्सेंट और एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी श्रेणियों में 30 पर्सेंट अतिरिक्त एलोकेशन (आवंटन) किया जाएगा। डीन एडमिशन प्रो हनीत गांधी ने आवेदकों को सलाह दी कि वे प्रवेश से संबंधित सभी अपडेट, शेड्यूल और दिशानिर्देशों के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय की प्रवेश वेबसाइट और उनके डैशबोर्ड को देखते रहें। उन्होने कहा कि आवेदक सतर्क रहें और केवल दिल्ली विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट (www.admission.uod.ac.in) पर प्रकाशित जानकारी पर ही भरोसा करें। सभी प्रामाणिक सूचनाओं, घोषणाओं और कार्यक्रम के लिए उम्मीदवारों को केवल दिल्ली विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जाना चाहिए। ध्यान रखें कि विश्वविद्यालय केवल du.ac.in के साथ समाप्त होने वाले डोमैन की ईमेल आईडी के माध्यम से मेल करता है।
रजिस्ट्रेशन के समय सभी जानकारी को अच्छी तरह करें चेक
प्रो हनीत गांधी ने बताया कि डीयू में पिछले वर्ष तीन लाख अंडर ग्रेजुएट कोर्स के लिए आवेदन आए थे। इस वर्ष 6 लाख से ज्यादा छात्रों ने डीयू के कोर्स में दाखिले को प्राथमिकता दी है। यह दोगुने से भी ज्यादा है। छात्र अपना रजिस्ट्रेशन करवा समय सभी जानकारियों को अच्छी तरह से चेक जरूर करें। रजिस्ट्रेशन शुल्क की पेयमेंट करने से पहले भी सभी जानकारी जरूर देखें।
1 नवंबर से क्लासेज शुरू होने की उम्मीद, अंडरग्रेजुएट एडमिशन के बाद पीजी एडमिशन प्रक्रिया होगी शुरू
डीयू के वाइस चांसलर प्रो योगेश सिंह ने बताया कि हमारी कोशिश रहेगी कि 1 नवंबर से दाखिले प्रक्रिया को खत्म करते हुए डीयू के कोर्स में कक्षाएं शुरू कर दी जाएं। क्योंकि हमें 180 क्लासेज छात्रों के एक सेमेस्टर में लेनी होती है। हमारी कोशिश है कि कोविड काल में जो अकादमिक प्रक्रिया में अकादमिट कैलेंडर में देरी हो रही है। वह खत्म की जाए। इसके लिए डीयू में छुट्टियां भी नहीं की जाएंगी। डीयू की ईसीए (Extra Curricular Activities) कंवेनर प्रो दिप्ती तनेजा ने बताया कि अंडर ग्रेजुएट कोर्स की एडमिशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स की भी एडमिशन प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। डीयू में दिल्ली यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट के जरिए पीजी कोर्स में दाखिले होंगे। इस कोर्स में दाखिले के लिए एनटीए द्वारा ही टेस्ट आयोजित किए जाएंगे।
Updated on:
12 Sept 2022 08:23 pm
Published on:
12 Sept 2022 03:03 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
