
पंजाब में फिर पकड़ा गया सीमा पार से हेरोइन लाया ड्रोन
नई दिल्ली। पंजाब से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक बार फिर सीमा पार से हेरोइन लाया ड्रोन पकड़ा गया है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) व पंजाब पुलिस के संयुक्त तलाशी अभियान में अमृतसर जिले के एक सीमावर्ती गांव में पांच सौ ग्राम से ज्यादा हेरोइन के साथ ड्रोन जब्त किया गया।
बीएसएफ के प्रवक्ता के अनुसार सीमा पार से मादक पदार्थ के साथ हेरोइन आने की पुख्ता सूचना के आधार पर शुक्रवार दोपहर बीएसएफ व पंजाब पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अपराह्न करीब चार बजे अमृतसर के गांव मोदे के बाहरी इलाके में एक खेत के पास चीन निर्मित क्वाडकॉप्टर ड्रोन बरामद हुआ। इस पर पीले रंग की टेप से पैक और धातु की रिंग से एक पैकेट बंधा था। पैकेट को खोलकर तलाशी ली गई तो इसमें लगभग 519 ग्राम हेरोइन बंधी हुई मिली।
प्रवक्ता ने बताया कि इससे पहले शुक्रवार सुबह अमृतसर के ही रोरनवाला खुर्द गांव में गश्त के दौरान एक अन्य ड्रोन बरामद हुआ था। यह भी चीन निर्मित डीजेआई मेविक-3 मॉडल का क्वाडकॉप्टर है।
Published on:
27 Jan 2024, 8:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.