
ड्रग्स की प्रतीकात्मक फोटो
Delhi Drug Racket: दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सक्रिय एक बड़े ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो विदेशी नागरिकों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कोकीन और एमडीएमए (MDMA) बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.1 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह गिरोह विदेशों से ड्रग्स मंगवाकर स्थानीय पैडलर्स के जरिए दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था।
इस बड़े नेटवर्क का खुलासा 25 मार्च को शुरू हुए एक गुप्त ऑपरेशन के बाद हुआ। पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहम्मद हसन नाम का व्यक्ति प्रीत विहार के चित्रा विहार इलाके में एमडीएमए की सप्लाई करने आने वाला है। पुलिस ने जाल बिछाकर हसन को उस समय दबोच लिया जब वह स्कूटी से ड्रग्स की खेप पहुंचाने जा रहा था। उसके पास से 7.58 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई।
हसन से हुई कड़ी पूछताछ में गिरोह के मुख्य सरगना का पता चला। उसने खुलासा किया कि वह 'ऑस्कर' नाम के एक विदेशी नागरिक से नशीले पदार्थ लेता था, जो बाहरी रिंग रोड पर ड्रग्स की सप्लाई करता था। पुलिस ने 27 और 28 मार्च की दरमियानी रात श्रीनिवासपुरी के पास जाल बिछाकर सेनेगल निवासी डिउफ सोलोमन उर्फ ऑस्कर को गिरफ्तार किया। वह चोरी की स्कूटी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहा था। ऑस्कर ने शुरुआत में जांच में सहयोग नहीं किया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस उसके 'ईस्ट ऑफ कैलाश' स्थित ठिकाने तक पहुंच गई। वहां छापेमारी के दौरान उसके सहयोगी और लाइबेरिया निवासी बेमाह को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के ठिकाने पर छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और उनसे जुड़े उपकरण बरामद किए हैं। बरामदगी में 120.18 ग्राम कोकीन और बड़ी संख्या में एमडीएमए शामिल है। इसके अलावा ड्रग्स तौलने वाली मशीनें, पैकिंग मटेरियल और एक इलेक्ट्रॉनिक सीलिंग मशीन भी मिली है। पुलिस ने मौके से 6 मोबाइल फोन, दो पासपोर्ट और भारी संख्या में नकदी भी जब्त की है, जो इस पूरे नेटवर्क की संगठित प्रकृति की ओर इशारा करता है।
जांच में यह भी सामने आया कि हसन इन नशीले पदार्थों को रजिया नाम की महिला को सप्लाई करता था। रजिया दिल्ली के स्थानीय बाजारों में ऊंचे दामों पर इन ड्रग्स को बेचती थी। पुलिस ने मंडावली स्थित उसके घर पर छापेमारी कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया, जहां से और अधिक नशीले पदार्थ बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, यह एक बेहद संगठित नेटवर्क था। विदेशी नागरिक विदेशों से माल मंगवाते थे और हसन व रजिया जैसे स्थानीय लोगों के जरिए इसे युवाओं और रेव पार्टियों तक पहुंचाया जाता था। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य संपर्कों और ड्रग्स के स्रोत की गहराई से जांच कर रही है।
Updated on:
31 Mar 2026 05:39 pm
Published on:
31 Mar 2026 05:37 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
