
गीता प्रेस गोरखपुर को मिलेगा गांधी शांति पुरस्कार
नई दिल्ली। वर्ष 2021 का गांधी शांति पुरस्कार गीता प्रेस गोरखपुर को दिया जाएगा। यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में रविवार को हुई निर्णायक मंडल की बैठक में किया गया। समिति ने पुरस्कार के लिए गीता प्रेस का चयन सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्र में परिवर्तन लाने में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए किया है। गीता प्रेस इस साल ही अपनी स्थापना का शताब्दी वर्ष मना रहा है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने रविवार शाम गीता प्रेस का गांधी शांति पुरस्कार के लिए चयन करने की घोषणा की। केंद्र सरकार ने वर्ष 1995 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 125वीं जयंती के अवसर पर इस पुरस्कार की स्थापना की थी। पुरस्कार में एक करोड़ रुपए की राशि, प्रशस्ति पत्र, पट्टिका और उत्कृष्ट पारंपरिक हस्तकला/हथकरघा विशिष्ट कृति प्रदान की जाती है।
वर्ष 1923 में स्थापित गीता प्रेस विश्व में सबसे बड़े प्रकाशकों में से एक है। इसने 14 भाषाओं में 41.7 करोड़ पुस्तकों का प्रकाशन किया है। इनमें श्रीमद् भगवद गीता की 16.21 करोड़ पुस्तकें शामिल हैं। खास बात है कि प्रेस ने आमदनी के लिए कभी अपने प्रकाशनों के लिए विज्ञापन नहीं लिए।
मोदी ने शांति और सामाजिक सद्भाव के गांधीवादी आदर्शों को बढ़ावा देने में गीता प्रेस के योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि गीता प्रेस को अपनी स्थापना के सौ वर्ष पूरे होने पर गांधी शांति पुरस्कार से सम्मानित किया जाना संस्थान के सामुदायिक सेवा में किए गए कार्यों की सराहना करना है।
अब तक ये हो चुके सम्मानित
इसरो, रामकृष्ण मिशन, बांग्लादेश ग्रामीण बैंक, विवेकानंद केंद्र (कन्याकुमारी), अक्षय पात्र (बेंगलुरु), एकल अभियान ट्रस्ट (भारत) और सुलभ इंटरनेशनल जैसे संगठनों को ये पुरस्कार दिया जा चुका है। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति स्व. नेल्सन मंडेला, तंजानिया के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. जूलियस न्येरेरे, श्रीलंका के सर्वोदय श्रमदान आंदोलन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. ए.टी. अरियारत्ने, जर्मनी के डॉ. गेरहार्ड फिशर, बाबा आमटे, आयरलैंड के डॉ. जॉन ह्यूम, चेकोस्लोवाकिया के पूर्व राष्ट्रपति वाक्लेव हवेल, दक्षिण अफ्रीका के आर्कबिशप डेसमंड टूटू, चंडी प्रसाद भट्ट और जापान के योही ससाकावा को भी यह पुरस्कार दिया गया था। साल 2019 में ओमान के सुल्तान कबूस बिन सैद अल सैद और वर्ष 2020 में बांग्लादेश के बंगबंधु शेख मुजीबुर्रहमान को गांधी शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
Published on:
18 Jun 2023 10:21 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
