4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Gold Smuggling: चंद रुपए के लालच में करवा देते हैं लाखों का माल पार

बांग्लादेश के रास्ते भारत में सोने की तस्करी की बढ़ी वारदातों से हैरानी। तस्करों ने कूरियर को बनाया स्मगलिंग का नया हथियार। चंद रुपयों के लालच में तस्करों के चंगुल में फंस रहे सीमावर्ती गांवों में रहने वाले लोग। बीएसएफ की सख्ती के बावजूद तस्कर नहीं आ रहे बाज।

2 min read
Google source verification
Gold Smuggling: चंद रुपए के लालच में करवा देते हैं लाखों का माल पार

बांग्लादेश से सटी सीमा पर सोने के बिस्किट के साथ पकड़ा गया कूरियर

नई दिल्ली। बांग्लादेश में सक्रिय तस्करों के गिरोह ने सोने की तस्करी के लिए कूरियर्स को नया हथियार बना लिया है। आए दिन सीमा पार से इन कूरियर के जरिए सोने की छोटी-मोटी खेप भेजकर पश्चिम बंगाल के रास्ते देश के अन्य हिस्सों में भेजने की कोशिश पकड़ जा रही है।

सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने बीती शाम बाइक सवार कूरियर को दबोच कर 36 लाख रुपए से ज्यादा मूल्य का 581.27 ग्राम सोना बरामद किया। पकड़े गए उत्तर 24 परगना जिले के निवासी कूरियर को यह सोना तस्करों तक पहुंचाने के लिए महज दो हजार रुपए मिलने थे। यह युवक जांघों पर सोने के बिस्कट बांधकर तस्करों के बताए हुए ठिकाने पर पहुंचाने के लिए जा रहा था।

बीएसएफ सूत्रों का कहना है कि तस्कर खुद सामने आने की बजाय सोना भेजने के लिए कूरियर का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके लिए सीमावर्ती इलाकों के युवाओं को चंगुल में फंसाया जा रहा है। ये युवक मामूली रकम के लालच में फंसकर सोना ले आते हैं और बताए गए व्यक्ति को माल पहुंचाने के बाद इन्हें तय छोटी-मोटी रकम का भुगतान हो जाता है।

वाट्सएप कॉल पर सौदा
बीएसएफ ने पकड़े गए तस्कर से पूछताछ के आधार पर बताया कि बांग्लादेश के सतखीरा से गोगन मंडल नामक तस्कर ने वाट्सएप पर कॉल कर सोना सायस्ता नगर में नयन नाम के व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए दो हजार रुपए में सौदा किया। बांग्लादेश की खुली सीमा पर किसी व्यक्ति ने उसे सोने के बिस्किट थमा दिए। वह अमुदिया इलाके से सोना लेकर दोबिला गांव की तरफ आ रहा था, लेकिन बीएसएफ ने दबोच लिया।

बढ़ती वारदातों से हैरानी
नदी-नालों व दलदली इलाकों पर स्थित भारत-बांग्लादेश सीमा से सोने की तस्करी की घटनाओं में लगातार तेजी देखी जा रही है। बीएसएफ के जवान लगातार तस्करों को दबोच भी रहे हैं, लेकिन तस्करी की बढ़ती कोशिशों ने हैरानी में डाल रखा है। हाल के दिनों में ही बीएसएफ ने लगभग साढ़े पांच करोड़ रुपए से ज्यादा मूल्य के सोने के बिस्किट बरामद किए हैं। बीएसएफ के दक्षिण बंगाल फ्रंटियर ने पिछले साल भी 113 किलो सोना बरामद किया था। बीएसएफ ने तस्करों की धरपकड़ के लिए हैल्पलाइन नम्बर जारी करने के साथ सही सूचना देने वालों के लिए नगद ईनाम की घोषणा भी कर रखी है।