
केजरीवाल का भाजपा पर विधायकों को 25-25 करोड़ की ऑफर का आरोप
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर 'ऑपरेशन लॉटस' शुरू कर उनकी पार्टी के विधायकों को 25-25 करोड़ रुपए का ऑफर दिए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी घोटाले के लिए उन्हें गिरफ्तार करने की नहीं, दिल्ली की सरकार गिराने की साजिश रच रही है।
केजरीवाल ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया एक्स पर आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने आप के सात विधायकों से संपर्क कर कुछ दिन बाद उनकी गिरफ्तारी और आप सरकार गिरा देने की बात की है। इन नेताओं ने विधायकों को 25-25 करोड़ रुपए और भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़वाने का लालच दिया है, लेकिन सभी विधायकों ने ऑफर ठुकरा दी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने 21 विधायकों से सम्पर्क किया है, लेकिन अभी तक सात विधायकों से ही सम्पर्क की बात सामने आई है।
केजरीवाल के ट्वीट के बाद एक-एक कर दिल्ली की मंत्री आतिशी और आप के कई नेताओं ने पार्टी मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर भाजपा को घेरते हुए केजरीवाल के आरोप दोहराए। आतिशी ने कहा कि ऑपरेशन लोटस भाजपा का सत्ता हथियाने का तरीका है। जिन राज्यों में सरकार नहीं बनती है, वहां भाजपा पैसे देकर, डरा-धमकाकर, सीबीआई-ईडी का केस करवाकर चुनी हुई सरकारों को गिराने की कोशिश करती है। दिल्ली में भाजपा इससे पहले 2013 व 2022 में भी ऐसी असफल कोशिश कर चुकी है।
आप विधायक व एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने भी भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश का आरोप लगाया। आप के कई विधायकों ने भाजपा की ऑफर की रिकॉर्डिंग भी की है। वरिष्ठ नेता दिलीप पांडे ने भी एक अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये आरोप दोहराए।
भाजपा की तुलना रावण से
आप की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने भाजपा की तुलना रावण से करते हुए कहा कि जैसे रावण ने सीता का अपहरण करने लिए दूसरा रूप धारण किया था, वैसे ही भाजपा ने आप सरकार गिराने के लिए ईडी का रूप धारण किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा छल से दिल्ली की सत्ता हथियाना चाहती है। उसे जनता के कामों से कोई लेना-देना नहीं है। भगवान और दिल्ली के लोग केजरीवाल के साथ हैं। भाजपा ने सरकार गिराने की कोशिश की तो इसका जवाब उसे लोकसभा चुनाव में मिलेगा।
Published on:
27 Jan 2024, 9:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.