15 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिल्ली टूर जा रहे 44 बच्चों की स्कूल बस टैंकर से टकराई, मची चीख-पुकार; हाईवे पर पसरा सन्नाटा

Rewari school bus accident: दिल्ली-जयपुर हाईवे पर शुक्रवार सुबह राठ इंटरनेशनल स्कूल की एक बस खड़े कैंटर से टकरा गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बस में सवार सभी 44 बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं।

2 min read
Google source verification
local haryana rewari news

photo ai

Rewari school bus accident: हरियाणा के रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां खलियावास गांव के पास 44 बच्चों से भरी एक निजी स्कूल की बस सड़क किनारे खड़े टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भारी-भरकम कैंटर सड़क पर ही पलट गया। इस घटना के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और लंबा जाम लग गया। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं, हालांकि बस चालक को गंभीर चोटें आई हैं।

दिल्ली टूर पर जा रहे थे बच्चे

यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 8:45 बजे की है। राजस्थान के बहरोड़ में स्थित राठ इंटरनेशनल स्कूल की बस सुबह 8:00 बजे 44 बच्चों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। छात्र स्कूल की तरफ से एक मनोरंजन टूर पर दिल्ली जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह दुर्घटना हो गई।

मोड़ पर खड़े टैंकर से हुई जोरदार भिड़ंत

जैसे ही स्कूल बस दिल्ली-जयपुर हाईवे पर खलियावास गांव के समीप एक मोड़ पर पहुंची, वहां पहले से खड़े एक टैंकर से उसकी सीधी टक्कर हो गई। रफ्तार और टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भिड़ंत के बाद टैंकर हाईवे पर पलट गया और बस का अगला हिस्सा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

चालक गंभीर रूप से घायल, बच्चे सुरक्षित

हादसे के वक्त बस के अंदर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। गनीमत यह रही कि ईश्वर की कृपा से बस में बैठे किसी भी बच्चे को एक भी खरोंच नहीं आई। हालांकि, बस का चालक इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए शहर के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

हाईवे पर लगा लंबा जाम, पुलिस जांच में जुटी

टक्कर और टैंकर के पलटने के कारण दिल्ली-जयपुर हाईवे पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे करीब आधे घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। घटना की सूचना मिलते ही धारूहेड़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर किनारे किया और यातायात को दोबारा चालू करवाया। धारूहेड़ा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ या मोड़ पर खड़े टैंकर की वजह से।