
पत्रिका फोटो
Delhi road accident news: बाहरी दिल्ली के अलीपुर इलाके में बुधवार की सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां स्थित प्रसिद्ध शनि मंदिर के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार डंपर ने सवारियों से भरे एक ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह लोहे के मलबे में तब्दील हो गया।
इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक 10 वर्षीय मासूम बच्ची, ऑटो चालक और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर तेज रफ्तार में आ रहा था और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते उसने सामने चल रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग दूर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने के साथ बचाव कार्य शुरू किया।
आपको बता दें कि ऑटो में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें से चार सदस्य एक ही परिवार के थे। इस हादसे ने परिवार की खुशियां उजाड़ दीं, जहां बेटी की जान चली गई, वहीं पिता और बेटा अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। गनीमत रही कि इस हादसे में परिवार के चौथे सदस्य को मामूली चोटें आई हैं।
जीटी करनाल हाईवे पर इस हादसे को अपनी आंखों से देखने वालों ने बताया कि एक्सीडेंट इतना भीषण था कि एक व्यक्ति ऑटो के मलबे में बुरी तरह फंस गया था, जिसे दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस और कैट्स एंबुलेंस ने घायलों को तुरंत राजा हरिश्चंद्र अस्पताल पहुंचाया। जब तक राहत कार्य किया जा रहा था तब तक हाईवे पर वाहनों का आवागमन बंद हो गया था। इस हादसे ने एक बार फिर दिल्ली की सड़कों पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
Updated on:
13 May 2026 01:23 pm
Published on:
13 May 2026 12:46 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
