12 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शादी के 6 दिन बाद ही पत्नी को मार डाला, बेड बॉक्स में सड़ रही थी लाश, दिल्ली पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार

Delhi Crime News: दिल्ली के नबी करीम में मोहम्मद एजाज नामक युवक ने शादी के 6 दिन बाद अपनी पत्नी निशा की हत्या कर दी। आरोपी ने शव को बेड बॉक्स में छिपाया और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

2 min read
Google source verification
Delhi Crime News

AI जनरेटेड फोटो

Delhi Murder News: राजधानी दिल्ली के नबी करीम इलाके से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक शख्स ने निकाह के मात्र छह दिन बाद ही अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए लाश को बेड के बॉक्स के अंदर बंद कर फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

निकाह के हफ्ते भर के भीतर ही हुआ 'अंत'

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मोहम्मद एजाज के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के वैशाली का निवासी है। एजाज ने बीते 26 अप्रैल को हल्द्वानी की रहने वाली निशा परवीन (24) से निकाह किया था। शादी के बाद दोनों लक्ष्मणपुरी इलाके में एक किराए के कमरे में रहने लगे थे और पास ही की एक बैग फैक्ट्री में साथ काम करते थे। लेकिन खुशियां ज्यादा दिन नहीं टिकीं और शादी के कुछ ही दिनों बाद उनके बीच झगड़े शुरू हो गए।

बेड बॉक्स से आती बदबू ने खोला राज

वारदात को अंजाम 2 मई को दिया गया था। आपसी अनबन के दौरान एजाज ने कथित तौर पर निशा का गला घोंट दिया। पकड़े जाने के डर से उसने शव को कमरे के दीवान (बेड) के अंदर छिपा दिया और कमरे को बाहर से ताला लगाकर भाग निकला। गर्मी के कारण जब शव सड़ने लगा, तो शनिवार तक पड़ोसियों को असहनीय दुर्गंध आने लगी। जब कई दिनों तक एजाज का भी कोई पता नहीं चला, तो स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जब ताला तोड़कर कमरे की तलाशी ली, तो बेड बॉक्स के भीतर से निशा की सड़ी-गली लाश बरामद हुई।

दहेज हत्या का मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

आपको बता दें कि नबी करीम थाना पुलिस ने मृतका के पिता मोहम्मद हसन की शिकायत और एसडीएम (SDM) की रिपोर्ट के आधार पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। एसएचओ गुलशन नागपाल के नेतृत्व वाली टीम ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से रविवार को आरोपी एजाज को बाहरी दिल्ली से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।