17 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पत्नी से अवैध संबंध के शक में पति ने काटा किराएदार का गला, बाद में थाने पहुंचकर किया सरेंडर

Delhi Crime News: शालीमार बाग इलाके में पति ने अपनी पत्नी के दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी को दोनों के बीच की दोस्ती नागवार गुजरी थी। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद थाने जाकर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।

2 min read
Google source verification
Shalimar Bagh Murder Case

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (फोटो- पत्रिका)

Delhi Crime News: शालीमार बाग इलाके में बीती रात रंजिश और शक के चलते एक खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया गया। अपनी पत्नी के कथित प्रेमी से नाराज एक व्यक्ति ने चाकू से उसका गला रेत दिया और शरीर पर कई प्रहार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी खून से सने कपड़ों में ही थाने पहुंच गया और अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस को शव और हथियार बरामद करवाते समय भी उसके चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी और वह लगातार वारदात की तफ्तीश में पुलिस की मदद करता रहा।

आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुआ शव और हथियार

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बुधवार को इंदिरा कॉलोनी के रहने वाले 35 वर्षीय विरेंद्र ने शालीमार बाग थाने में आत्मसमर्पण किया। उसने कबूल किया कि उसने अपने ही किराएदार कन्हैया (29 वर्ष) को मौत के घाट उतार दिया है। पुलिस टीम जब आरोपी के साथ उसकी झुग्गी नंबर टी-210 पहुंची, तो वहां का नजारा बेहद खौफनाक था। विरेंद्र ने स्वयं दिल्ली पुलिस को उस कमरे तक पहुंचाया जहां उसने वारदात को अंजाम दिया था।

खून से सने कपड़ों में अपना जुर्म बयां करता रहा आरोपी

मौके पर पहुंची पुलिस को कन्हैया का लहूलुहान शव बिस्तर पर पड़ा मिला। हत्यारे ने न केवल उसका गला रेता था, बल्कि शरीर पर चाकू से कई वार भी किए थे। वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी घटनास्थल से बरामद कर लिया गया है। चौंकाने वाली बात यह थी कि आरोपी विरेंद्र पूरे समय अपने खून से सने कपड़ों में वहीं खड़ा रहा और बिना किसी डर के पुलिस को पूरी कहानी सुनाता रहा।

सीसीटीवी फुटेज में भी कैद हुआ सुबूत

प्रारंभिक पूछताछ में विरेंद्र ने बताया कि उसे अपनी पत्नी और कन्हैया के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी नाराजगी और संदेह के चलते उसने कन्हैया की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपी की घटनास्थल पर मौजूदगी दर्ज हुई है।

शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा

पुलिस ने क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया। घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत एकत्र किए गए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत शालीमार बाग थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।