12 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

NEET 2026: नीट परीक्षा रद्द होने पर भड़का आक्रोश; शिक्षा मंत्रालय के बाहर NSUI का जोरदार प्रदर्शन, हिरासत में कई कार्यकर्ता

NEET Paper Leak 2026 Controversy: नीट परीक्षा 2026 रद्द होने के विरोध में एनएसयूआई ने दिल्ली में शिक्षा मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस ने करीब 25 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। छात्र संगठन ने सरकार से जल्द स्पष्ट निर्णय लेने की मांग की है।

2 min read
Google source verification
NEET 2026 Cancelled Protest

नीट परीक्षा रद्द होने पर दिल्ली में भड़का आक्रोश

NEET 2026: नीट (NEET) परीक्षा 2026 को रद्द किए जाने के फैसले ने तूल पकड़ लिया है। इस निर्णय के विरोध में मंगलवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली स्थित शिक्षा मंत्रालय के बाहर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने केंद्र सरकार पर लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।

लाखों छात्रों के भविष्य पर संकट: NSUI

प्रदर्शनकारी छात्रों का नेतृत्व कर रहे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि नीट परीक्षा की तैयारी के लिए छात्र सालों-साल कड़ी मेहनत करते हैं। परीक्षा रद्द होने से न केवल उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है, बल्कि छात्रों के बीच भारी निराशा और असमंजस का माहौल पैदा हो गया है। इसके साथ ही संगठन ने मांग की है कि पेपर लीक की घटनाओं पर सरकार सख्त रुख अपनाए और छात्रों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए जल्द से जल्द स्पष्ट एवं ठोस निर्णय लिया जाए। संगठन का कहना है कि प्रभावित छात्रों को न्याय मिलना चाहिए, ताकि उनका कीमती शैक्षणिक वर्ष बर्बाद न हो।

पुलिस की कार्रवाई (NEET)

आपको बता दें कि शिक्षा मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन उग्र होते देख भारी संख्या में दिल्ली पुलिस के जवानों को तैनात किया गया था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने करीब 20 से 25 एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जबरन बस में बैठाया और मंत्रालय परिसर से हटाकर नजदीकी पुलिस थाने ले गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रदर्शनकारियों को हटाया गया है।

छात्रों में असमंजस की स्थिति

वहीं, नीट परीक्षा के अचानक रद्द होने से देशभर के चिकित्सा उम्मीदवारों में डर और अनिश्चितता का माहौल है। इससे जुड़े छात्रों का कहना है कि बार-बार परीक्षा प्रणाली में होने वाली ये गड़बड़ियां उनकी मानसिक सेहत और करियर के लिए घातक साबित हो रही हैं।

अब पेपर रद्द

नीट (UG) 2026 की परीक्षा रविवार, 3 मई 2026 को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे के बीच आयोजित की गई थी। हालांकि, पेपर लीक की खबरों और गंभीर अनियमितताओं के आरोपों के बाद, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आज 12 मई 2026 को आधिकारिक तौर पर इस परीक्षा को रद्द करने की घोषणा कर दी है।