
दिल्ली गैंगरेप केस में पीड़िता का बयान
Delhi Bus Gangrape: देश की राजधानी दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बाहरी रिंग रोड पर एक निजी बस के अंदर एक महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म की खौफनाक वारदात सामने आई है। हैरान करने वाली बात यह है कि पीड़िता केवल समय पूछने के लिए बस के पास गई थी।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह उस दिन सुल्तानपुरी में अपने भाई के घर शिफ्टिंग में मदद करने गई थी। देर रात घर लौटते समय उसने सरस्वती विहार (आउटर रिंग रोड) तक के लिए ई-रिक्शा लिया। वह बस स्टैंड पर खड़ी होकर बस का इंतजार कर रही थी, तभी एक निजी बस वहां आकर रुकी।
महिला के अनुसार, उसने बस के अंदर खड़े एक व्यक्ति से केवल समय पूछा। उस शख्स ने सीधे जवाब देने के बजाय महिला को झांसा दिया और कहा कि 'अंदर आकर बात करो।' जैसे ही महिला समय जानने के लिए बस में चढ़ी, आरोपियों ने अपनी घिनौनी साजिश को अंजाम देना शुरू कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, जैसे ही महिला ने बस के अंदर कदम रखा, ड्राइवर ने बस दौड़ानी शुरू कर दी। बस के अंदर मौजूद व्यक्ति ने महिला को जबरन पीछे की सीटों की ओर धकेला और चलती बस में उसके साथ बलात्कार किया। बताया जा रहा है कि दो लोगों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल हुई बस को भी जब्त कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उस वक्त बस में और कौन-कौन मौजूद था।
आपको बता दें कि यह घटना दिल्ली के रानी बाग थाना इलाके की है, जिसने एक बार फिर निर्भया कांड की यादें ताजा कर दी हैं। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया है और उसे हर संभव कानूनी सहायता दी जा रही है। वहीं, इस मामले को पुलिस संदिग्ध नजर से भी देख रही है। इसलिए मामले को हर एगंल से जांच करने की कोशिश कर रही है।
Updated on:
15 May 2026 11:23 am
Published on:
15 May 2026 11:22 am
