13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘इंडिया’ की महारैली: एकजुटता, सहानुभूति, बेचारगी और सियासी हमले

-खरगे ने भाजपा और आरएसएस को बताया जहर जैसा -मैच फिक्सिंग से चुनाव जीत कर संविधान बदलना चाहते हैं मोदी-राहुल -लोकतंत्र बचाओ रैली में उमड़े लोग

4 min read
Google source verification
maharailly.jpg

शादाब अहमद

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के बीच इंडिया गठबंधन ने केन्द्र की सत्ता परिवर्तन के लिए रामलीला मैदान से रविवार को हुंकार भरी। इंडिया गठबंधन ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी से ‘सहानुभूति’ तो कांग्रेस के खाते फ्रीज कर करोड़ों रुपए के जुर्माने लगाने का मुद्दा उठाकर प्रचार के लिए धन की कमी से प्रचार नहीं कर पाने की ‘बेचारगी’ की जताकर लोगों का समर्थन हासिल करने की कोशिश की। इसके साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आइपीएल क्रिकेट मैच की बात कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा पर तीखे सियासी हमले भी किए गए। इस दौरान कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, एनसीपी शरद के प्रमुख शरद पवार, शिवसेना उद्धव के प्रमुख उद्धव ठाकरे, एनसीपी प्रमुख फारूख अब्दुल्ला, झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, सीपीएम के सीताराम येचुरी, टीएमसी के डेरोक ओब्राएम समेत कई अन्य दलों के नेताओं ने अपनी मौजूदगी से एकजुटता दिखाई। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इंडिया गठबंधन की पांच सूत्री मांग भी रखी।

मैदान के अंदर और बाहर भारी भीड़

तीखी गर्मी के बावजूद करीब पांच घंटे तक चली सभा में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। रामलीला मैदान पूरा भरा हुआ था, वहीं आसपास की सडक़ों पर भी लोगों की भारी भीड़ थी। इसके साथ ही मुबंई के शिवाजी पार्क की तरह यहां भी कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी, सीपीएम, जेएमएम समेत कई अन्य दलों के झंडे, बैनर व कटआउट लगाए गए थे। रामलीला मैदान में एक साइड पर कांग्रेस तो दूसरी साइड पर आप के पोस्टर बैनरों की भरमार थी।

एकजुटता--‘एक होने का सोचो, कुचलने का नहीं’

इंडिया गठबंधन ने सीट बंटवारे के दौरान हुए विवादों से उबरते हुए मुंबई के बाद अब दिल्ली में एकजुटता दिखाई। इसमें टीएमसी के प्रतिनिध भी शामिल हुए। वहीं खरगे ने अपने भाषण में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को साफ कह दिया कि वे एकता की उम्मीद करते हैं। जब तक हम सभी एक नहीं होंगे, तब तक कुछ हासिल नहीं होगा। एक-दूसरे को कुचलते रहेंगे तो आगे नहीं बढ़ सकते। पहले एक होने का सोचो, एक-दूसरे को तोडऩे का नहीं। यह हमारा उसूल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र बचाओ महारैली में विविधता में एकता दिखाती है। हम सभी देश, लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए एकजुट हुए हैं। मंच पर सभी नेताओं ने एक-दूसरे के हाथ पकड़ कर ऊंचा कर एकजुटता भी दिखाई।

सहानुभूति-मुझे टूट-टूट कर नींद आती है-केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की चुनाव के बीच गिरफ्तारी के बाद दोनों की पत्नियों ने भावुक भाषण दिया। पंडाल में सलाखों के पीछे केजरीवाल के पोस्टर लगाए गए। वहीं केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने भावुक भाषण दिया। उन्होंने लोगों से केजरीवाल की ईमानदारी और देशभक्ति को लेकर सवाल पूछे। साथ ही यह भी पूछा कि क्या केजरीवाल को सीएम पद से इस्तीफा देना चाहिए? इसका लोगों ने नहीं में जवाब दिया। सुनीता केजरीवाल ने अरविंद का संदेश पढक़र सुनाया। जिसमें केजरीवाल ने लिखा, ‘मुझे टूट-टूट कर नींद आती है, मैं भारत मां के बारे में सोचता हूं, भारत मां बहुत दुखी है, दर्द से कराह रही हैं।’ वहीं हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा कि उनके पति 2 महीने से जेल में हैं। ईडी एक भी आरोप साबित नहीं कर पाई है। अपने आपको ताक़तवर समझने वाला कोई भी दल देश की 140 करोड़ जनता से ज़्यादा शक्तिशाली नहीं हो सकता। जनता जनार्दन ही अदालत है। आगामी चुनाव में लोगों को अपनी वोट की ताक़त का इस्तेमाल तानाशाही के खिलाफ करना है।

बेचारगी-‘हमारे खाते बंद, प्रचार नहीं कर पा रहे शुरू’

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा कि एक तरफ चुनाव की घोषणाएं हो रही हैं और दूसरी तरफ विपक्ष के मुख्यमंत्रियों को जेल में डाल दिया गया। उनका सिर्फ यही कसूर था कि वे इंडिया गठबंधन के साथ चलना चाहते थे। खरगे ने कहा कि मुझसे राष्ट्रपति भवन में भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस के चुनाव प्रचार शुरू होने के बारे में पूछा। मैंने उनसे कहा- चुनाव निष्पक्ष नहीं हो रहे हैं। पार्टी के खातों से पैसे चोरी हो गए। हजारों करोड़ का जुर्माना लगा दिया गया ताकि हम चुनाव प्रचार न कर सकें। राहुल ने कहा कि चुनाव के बीच देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कांग्रेस के सभी खाते बंद कर दिए हैं। हम प्रचार शुरू नहीं कर पा रहे हैं। लोगों को प्रदेश में नहीं भेज पा रहे हैं। यह कैसा चुनाव हो रहा है?

इस तरह किए सियासी हमले

आइपीएल क्रिकेट मैचों के माहौल को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी मैच फिक्सिंग’ से चुनाव जीत कर संविधान बदलना चाहते हैं। प्लेयर खरीद कर, कैप्टन को डरा कर, अंपायर पर दबाव डाल कर और ईवीएम के दम पर 400 पार का नारा लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि विपक्ष चुनाव न लड़ पाए। इसलिए इलेक्शन कमीशन में अपने लोग बिठाए, दो मुख्यमंत्री को जेल में डाला। कांग्रेस के बैंक अकाउंट बंद कर दिए और न्यायपालिका पर दबाव डाल रहे हैं। जबकि हकीकत में सब मिला कर भी वह 180 पार करने की हालत में नहीं हैं। वहीं खरगे ने कहा कि क्रिकेट मैच के लिए मैदान को भी खिलाडिय़ों के एकसमान किया जाता है, लेकिन यहां मोदी ने विपक्ष के लिए सब तरफ गड्ढे कर दिए हैं और कह रहे हैं कि अब खेलो क्रिकेट। खरगे ने भाजपा व आरएसएस को जहर की तरह बताया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि मोदी सरकार में जुमले की फैक्ट्री चल रही है। अभी और नए-नए जुमले आएंगे, उनके ऊपर यकीन मत करना। हमें साथ मिलकर भाजपा के भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाना है।