3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

घर से ढाई किमी दूर सोसाइटी की 14वीं मंजिल से गिरा 13 साल का बच्चा, इकलौटे बेटे की मौत से सदमे में परिवार

Minor Boy Died: दिल्ली से सटे गुरुग्राम में एक 13 साल के बच्चे की सोसाइटी की 14वीं मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। हैरत की बात ये है कि जहां से बच्चा गिरा है, वहां से उसका दूर-दूर तक कोई कनेक्‍शन नहीं है।

3 min read
Google source verification
Minor boy died after falling from Tulip Wallet Society 14th floor in Gurugram under suspicious circumstances

Minor Boy Died: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र गुरुग्राम के सेक्टर-69 स्थित ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी में एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई, जहां एक 13 साल के बच्चे की 14वीं मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। मृतक की पहचान आरव सक्सेना के रूप में हुई है। हैरान करने वाली बात ये है कि आरव का इस सोसाइटी से दूर-दूर तक कोई कनेक्‍शन नहीं था। यह सोसाइटी आरव की सोसाइटी से करीब ढाई किलोमीटर दूर है। आरव फिलहाल, गुरुग्राम सेक्टर-70ए की बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन सोसाइटी में अपने माता-पिता के साथ रहता था। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है।

रविवार शाम की घटना से मची अफरातफरी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना रविवार शाम करीब 4 बजकर 20 मिनट की है। जब ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी के टावर नंबर बी-11 के पास सुरक्षाकर्मियों को जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे सुरक्षाकर्मियों ने देखा कि एक बच्चा जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़ा है। उन्होंने तुरंत आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों को इसकी सूचना दी और एंबुलेंस बुलाकर बच्चे को अस्पताल भेजने की तैयारी की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि बच्चा इस सोसाइटी का रहने वाला नहीं था। बाद में उसकी पहचान आरव के रूप में हुई।

पुलिस ने शुरू की जांच तो सामने आई सच्चाई

सुरक्षाकर्मियों और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान कराई। इसके बाद परिजनों से पूछताछ में पता चला कि आरव रविवार शाम करीब 4 बजे बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन सोसाइटी से निकला था। उस समय उसके माता-पिता घर पर ही थे और उन्होंने समझा कि आरव खेलने के लिए नीचे गया है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, वह अकेले पैदल ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी पहुंचा। वहां प्रवेश करने के बाद वह टावर बी-11 की लिफ्ट से ऊपर गया और छत पर पहुंचा। कुछ ही देर बाद नीचे गिरने की आवाज आई। इसके बाद पुलिस ने कई एंगल्स पर मामले की जांच शुरू की।

बार-बार पीछे मुड़कर किसे देख रहा था आरव?

बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन सोसाइटी के एक निवासी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरव सोसाइटी से निकलते समय और दूसरी सोसाइटी में प्रवेश से पहले बार-बार पीछे मुड़कर देखता नजर आ रहा है। इस बात ने मामले को और संदिग्ध बना दिया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आरव किसी से डर रहा था या किसी के बुलावे पर वहां गया था। बताया जा रहा है कि ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी में छत तक जाने का रास्ता खुला हुआ था। दरअसल, अक्टूबर 2018 में इसी परिसर की एक अन्य सोसाइटी में आग लगने की घटना के बाद सुरक्षा कारणों से छत के दरवाजे खोल दिए गए थे। इसी का फायदा उठाकर आरव छत तक पहुंच गया।

इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार

आरव के पिता अतुल सक्सेना एक निजी टेलीकॉम कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि मां चैतन्य टेक्नो स्कूल में शिक्षिका हैं। आरव सेंट एंजेल स्कूल का छात्र था और पढ़ाई में काफी होनहार बताया जाता है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिजनों के अनुसार, दो दिन पहले ही आरव को एक प्रतियोगिता के लिए स्केट दिलवाए गए थे, जिससे वह बेहद खुश था। आरव के पिता ने साफ कहा है कि यह आत्महत्या का मामला नहीं है। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन आरव बिल्कुल सामान्य था, उसने ठीक से खाना खाया और खेलने के लिए नीचे गया। उसके मोबाइल में कोई गेमिंग ऐप नहीं था और वह मोबाइल का सीमित इस्तेमाल करता था। मोबाइल पुलिस को सौंप दिया गया है।

आरव की मौत से बेसुध हो गई मां

आरव की मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है। मां की हालत बेसुध बनी हुई है। मौसी ने बताया कि आरव बहुत मन्नतों के बाद हुआ था और पूरे परिवार की खुशियों का केंद्र था। इस बीच, ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी की आरडब्ल्यूए प्रधान पूजा आनंद ने कहा कि सोसाइटी में जल्द ही जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अभिभावक बच्चों के साथ बेहतर संवाद बना सकें। उधर, थाना बादशाहपुर के जांच अधिकारी अशोक तंवर ने बताया कि दोनों सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, मोबाइल की जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के कारणों की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

Story Loader

बड़ी खबरें

View All

नई दिल्ली

दिल्ली न्यूज़

ट्रेंडिंग