
मां ने एक लाख में बेची नाबालिग बेटी, हाथ पीले होने से पहले बचा लिया एनजीओ ने
नई दिल्ली। बिहार के मधुबनी स्थित मधेपुर में पति से अलग रह रही एक महिला ने शादी के लिए अपनी नाबालिग बेटी को एक लाख रुपए में बेच दिया। गनीमत रही कि बचपन बचाओ आंदोलन (बीबीए) और एनजीओ सर्वो प्रयास संस्थान ने पुलिस को जानकारी दे दी और 14 वर्षीय बच्ची अपनी उम्र से दो गुना से ज्यादा आयु के व्यक्ति के साथ एक मंदिर में शादी करने से बच गई। बिहार पुलिस ने बच्ची की मां व दूल्हे सहित आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार कर बाल विवाह निषेध अधिनियम- 2006 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों में दूल्हे का पिता, रिश्तेदार व पुजारी के साथ बिचौलिए भी शामिल हैं।
बीबीए ने सोमवार को यहां बताया कि नाबालिग की आरोपित 40 वर्षीय मां पति से अलग होकर नाबालिग बेटी के साथ मधेपुर में रह रही थी। उस पर पहले से ही पैसे के बदले दूसरी लड़कियों की शादी करवाने के आरोप हैं। उसके अब नाबालिक बेटी की शादी की खबर लगी तो लोगों को संदेह हुआ और किसी ने चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस और बीबीए को सूचित किया गया।
दूल्हा मप्र के सागर का
पुलिस की ओर से दर्ज प्राथमिकी के अनुसार आरोपी दूल्हा मध्य प्रदेश के सागर जिले का रहने वाला है। उसकी उम्र 31 साल है। वर पक्ष ने शादी के लिए नाबालिग लड़की की मां को एक लाख रुपए दिए थे। बचाई गई नाबालिग ने पूछताछ के दौरान उसे मां ने बताया था कि दूल्हे के काफी पैसा है। शादी के बाद उसकी जिंदगी में सुख ही सुख होगा। नाबालिग के पिता ने कहा कि उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस ने नाबालिग को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया, जहां से उसे सुरक्षित बालिका गृह भेज दिया गया।
Published on:
26 Jun 2023 10:06 pm

बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
