
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा
हर बड़े मुद्दे पर सरकार की जम कर खिंचाई करने वाले कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को पार्टी ने अपने मीडिया और पब्लिसिटी सेल का राष्ट्रीय प्रमुख बना दिया है। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देश पर पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को यह आदेश जारी किया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से यह जिम्मेदारी दे दी गई है। खेड़ा दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं स्वर्गीय शीला दीक्षित के राजनीतिक सचिव थे।
तय करेंगे कि मीडिया में कौन सा नेता क्या बोलेगा
अब पार्टी की ओर से मीडिया संबंधी पूरी रणनीति वही तय करेंगे। किस मुद्दे पर पार्टी की क्या लाइन रहेगी, पार्टी के नेता और प्रवक्ता किन-किन मुद्दों को उठाएंगे जैसी बातें इस सेल की ओर से तय की जाती है। किस टीवी चैनल पर कौन सा नेता कब जाएगा यह रोस्टर भी इस सेल के प्रमुख ही तय करते हैं।
चिंतन शिविर में बनी थी बदलाव की रणनीति
कांग्रेस समर्थक लगातार यह आरोप लगाते रहे हैं कि मीडिया में पार्टी अपनी बात प्रभावी तरीके से नहीं रख पाती है। पिछले महीने चिंतन शिविर में पार्टी ने तय किया था कि वह अपने मीडिया और कम्यूनिकशन विभाग में बड़े बदलाव लाएगी।
जयराम रमेश के साथ संभालेंगे जिम्मेदारी
खेड़ा को जहां मीडिया और पब्लिसिटी सेल का प्रमुख बनाया गया है वहीं पार्टी में इससे ऊपर कम्यूनिकेश, मीडिया एंड पब्लिसिटी डिपार्टमेंट है। दो दिन पहले ही पार्टी ने इस विभाग के प्रमुख के तौर पर जयराम रमेश को नियुक्त किया है। रमेश पार्टी महासचिव भी हैं। ऐसे में खेड़ा को रमेश के साथ मिल कर ही काम करना होगा। इससे पहले हरियाणा के कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला कम्यूनिकेश विभाग का काम संभाल रहे थे।
राज्य सभा में नहीं मिला था मौका
खेड़ा जिस प्रभावशाली तरीके से वे पार्टी की बात रख रहे थे, उससे पिछले कुछ समय से उनकी लोकप्रियता काफी बढ़ी है। हाल के राज्य सभा चुनाव से पहले लोग कयास लगा रहे थे कि उन्हें भी पार्टी उच्च सदन के लिए भेज सकती है। लेकिन टिकट की घोषणा के दौरान उनका नाम लिस्ट में नहीं था। बाद में जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने इस बारे में कहा था, ‘शायद मेरी तपस्या में कोई कमी रह गई होगी’। अपनी बात रखने के लिए उन्होंने कविता और वीडियो ब्लॉग का सहारा भी लिया था। इस वीडियो ब्लॉग में उन्होंने कहा था- “जलने से भयभीत ना जो हो, आए मेरी मधुशाला”
Updated on:
18 Jun 2022, 2:25 PM IST
Published on:
18 Jun 2022, 2:25 PM IST
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.