
Bulldozer Action on Slums Area: राजधानी दिल्ली के यमुना यमुना खादर इलाके के पास बनी झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को अपने-अपने घर खाली करने का फरमान आया है। इन इलाकों में अब प्रशासन अतिक्रमण रोधी अभियान चलेगा। सरकार की ओर से कार्रवाई शुरू करने से पहले मीडिया से बात करते वक्त लोगों का दर्द छलक आया। उनमें से एक झुग्गी में रहने वाली महिला पूजा ने एएनआई से कहा "मैं पिछले 25 सालों से यहां रह रही हूं। हमें मकान ढहाने का नोटिस मिला है। हम खुद ही झुग्गी खाली कर रहे हैं, क्योंकि हम नहीं चाहते कि हमारे सामान को नुकसान पहुंचे। हमें पुलिस से अपना सामान खाली करने के लिए फोन आया है।" हालांकि इस मामले पर अभी दिल्ली सरकार का कोई बयान सामने नहीं आया है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो यमुना पुल के साथ शास्त्री पार्क क्षेत्र में भी बनी झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों को नोटिस दिया गया है। उनका कहना है कि दो मार्च को दिल्ली सरकार की ओर से उन्हें नोटिस जारी किया गया है। इसमें उन्हें अपनी झुग्गियां खाली करने का निर्देश दिया गया है। अपना दर्द बयां करते हुए झुग्गी निवासी एक महिला सीमा कहती हैं "गरीबों को सब परेशान करते हैं। अगर वे हमारे घर तोड़ देंगे, तो हम कहाँ जाएंगे? हमें 2 मार्च को नोटिस मिला और आज सुबह उन्होंने हमें घर खाली करने को कहा है।" सीमा ने आगे कहा "जो भी आता है कहता है आज टूटेगा, कल टूटेगा। भाई तोड़ दो न। हमारे हिम्मत होती कोई और घर में रहने की तो ले न लेते, हम यहां क्यों रहते। हम कुछ नहीं मांग रहे। अगर सरकार को हमें हटाने की जल्दी है तो ये बताएं कि हम जाएं कहां?"
मंगलवार को घर खाली करने का फरमान मिलने से परेशान झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाली सबीना ने कहा "चुनाव से पहले सब राजनीतिक पार्टियां कहती हैं कि झुग्गियां नहीं तोड़ी जाएंगी, लेकिन चुनाव के बाद हमें परेशान किया जाता है। हमें यहां बिजली नहीं मिलती। हमारे पास बिजली मीटर नहीं है, लेकिन हम जहां भी जाते हैं। हमसे सबूत के तौर पर बिजली का बिल मांगा जाता है। हमारी सरकार से मांग है कि हमें 3 से 5 लाख रुपये बिना ब्याज का लोन दिया जाए। ताकि हम एक जगह अपना घर ले सकें। हम लोन चुका देंगे। सरकार से कोई और हमारी मांग नहीं है।"
दिल्ली के यमुना पुल और शास्त्री पार्क इलाके में रहने वाली झुग्गी-झोपड़ी वालों की मानें तो उन्हें दिल्ली पुलिस की ओर फोन पर घर खाली करने का फरमान जारी किया गया है। जबकि दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान पीएम मोदी ने मंच से ऐलान किया था कि दिल्ली में कोई झुग्गी-झोपड़ी नहीं तोड़ी जाएगी।
पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था "दिल्ली में एक भी झुग्गी-झोपड़ी को नहीं तोड़ा जाएगा और ना ही जनहित की किसी भी योजना को बंद किया जाएगा। मोदी सरकार द्वारा अभी तक दिल्ली में 30,000 से अधिक गरीब परिवारों को उनका पक्का मकान दिया जा चुका है। भाजपा सरकार हर गरीब को उसका पक्का घर दिलवाने के लिए कटिबद्ध है।" बहरहाल अभी तक इस मामले में दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता या उनके किसी भी मंत्री का कोई बयान सामने नहीं आया है।
Published on:
04 Mar 2025 01:46 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
