19 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सोनम वांगचुक की मेडिकल रिपोर्ट आई सामने, शरीर में पानी और पोटैशियम की कमी मिली

Sonam Wangchuk Health Update: सोनम वांगचुक की मेडिकल रिपोर्ट आई सामने। 20 दिनों से भूखे वांगचुक ने अस्पताल में नस से ग्लूकोज (IV Fluid) और दवाइयां लेने से किया साफ मना।
2 min read
Google source verification
Sonam Wangchuk Fast, VMMC Hospital Delhi, Sonam Wangchuk News

सोनम वांगचुक की मेडिकल रिपोर्ट आई सामने

Sonam Wangchuk News: सोनम वांगचुक की सेहत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद उन्हें राजधानी के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल की रिपोर्ट के मुताबिक, 59 साल के वांगचुक पिछले 20 दिनों से अनशन पर हैं और उन्होंने अन्न का एक दाना भी नहीं खाया है। शरीर में भारी कमजोरी के बाद भी उन्होंने अस्पताल में ग्लूकोज की ड्रिप (IV Fluid) या कोई भी दवाई लेने से साफ मना कर दिया है।

20 दिनों से अनशन पर हैं वांगचुक, शरीर में पानी की कमी

सफदरजंग अस्पताल की ओर से जारी केस समरी के अनुसार, 59 वर्षीय सोनम वांगचुक को 18 जुलाई 2026 की सुबह 7:40 बजे दिल्ली पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची थी। डॉक्टरों ने बताया कि वह पिछले 20 दिनों से उपवास पर हैं और उन्होंने ठोस भोजन नहीं किया है। जांच में सामने आया है कि उनके मुंह की झिल्ली में सूखापन और त्वचा में कम लचीलापन (डीहाइड्रेशन के लक्षण) देखा गया है, जो शरीर में पानी की भारी कमी को दिखाता है। राहत की बात बस इतनी है कि अस्पताल लाते समय वह पूरे होश में थे और उनका ब्लड प्रेशर (BP) व ऑक्सीजन का स्तर सामान्य था।

ब्लड रिपोर्ट में सामने आई बड़ी दिक्कत, पोटैशियम लेवल गिरा

डॉक्टरों ने जब वांगचुक के खून की जांच की, तो पता चला कि उनके शरीर में सीरम पोटैशियम का लेवल घटकर 2.92 mEq/l रह गया है, जो सामान्य से काफी कम है। इसके अलावा उनके खून में एसिड की मात्रा का संतुलन भी बिगड़ा हुआ मिला है। जांच के समय उनका ब्लड शुगर लेवल 78 mg/dl था। डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुछ और ब्लड सैंपल भी जांच के लिए भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट आना अभी बाकी है।

यूरिन में कीटोन बढ़ा, इलाज लेने से किया मना

रिपोर्ट में एक और चिंताजनक बात सामने आई है कि अस्पताल में भर्ती होने के समय उनके यूरिन (पेशाब) में कीटोन का स्तर 1+ था, जो सिर्फ कुछ घंटों में यानी दोपहर 1 बजे तक बढ़कर 3+ हो गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत नसों के जरिए ग्लूकोज या अन्य जरूरी तरल पदार्थ (IV Fluids) और ORS देने की सलाह दी। लेकिन वांगचुक अपने अनशन पर अड़े हुए हैं और उन्होंने कोई भी इलाज लेने से मना कर दिया है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर चौबीसों घंटे नजर रख रही है और उन्हें इलाज के लिए समझाने की कोशिश की जा रही है।