
दिल्ली एनसीआर में होगा उत्तरैणी-मकरैणी का आयोजन
नई दिल्ली। उत्तराखंड में मनाया जाने वाला लोक पर्व उत्तरैणी-मकरैणी का दिल्ली-एनसीआर में बड़े पैमाने पर आयोजन होगा। दिल्ली सरकार के सौजन्य से पूर्वी दिल्ली के मंडावली पश्चिमी विनोद नगर मेट्रो स्टेशन के पास रास विहार के डीडीए पार्क में 14 और 15 जनवरी को दो दिवसीय कार्यक्रम में कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
कुमाऊं क्षेत्र में मकारसंक्रात्रि के पर्व को जहां उत्तरैणी पर्व के रूप में मनाया जाता है तो वहीं गढ़वाल क्षेत्र में इसे मकरैणी के रूप में मनाया जाता है। गढ़वाली, कुमाऊनी, जौनसारी भाषा अकादमी के उपाध्यक्ष डॉक्टर कुलदीप भंडारी के मार्गदर्शन में दिल्ली-एनसीआर में पहली बार भव्य तरीके से उत्तरैणी मकरैणी का कार्यक्रम हो रहा है।
भंडारी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तराखंड के लोगों को उनकी संस्कृति से जोड़ना है। दो दिवसीय रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में जहां गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी अपने चिर परिचित अंदाज में अपने मनमोहक गीत प्रस्तुत करेंगे वहीं सुप्रसिद्ध लोक गायक बिशन हरयाला, उषा नेगी, अनिल बिष्ट, अनुराधा निराला और अंजली खरे भी प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
कार्यक्रम के दूसरे दिन 15 जनवरी को खिचड़ी वितरण का आयोजन किया जाएगा। साथ ही स्थानीय लोगों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनमें महिलाओं और बच्चों की विशेष भागीदारी होगी। कार्यक्रम में युवा प्रतिभाओं को भी गायन और नृत्य के क्षेत्र में अपनी कला के प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा।
Published on:
09 Jan 2024 09:00 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
