
मांउट आबू. कोल्ड ड्रिंक पीने की कोशिश करता भालू।
माउंट आबू(सिरोही). पर्यटन स्थल माउंट आबू में इन दिनों वन्यजीवों का दिन के समय आम रास्तों के आसपास मूवमेंट जारी है। सोमवार सुबह टाइगर पाथ पर एक चट्टान पर पैंथर आराम फरमाता नजर आया। माउंट आबू के बाशिन्दे वनन्जीव प्रेमी अनिल माथुर सोमवार प्रात: अपने साथियों के साथ टाइगर पाथ पर भ्रमण के लिए गए थे। इस दौरान एक चट्टान पर उन्हें पैंथर आराम फरमाता हुआ नजर आया। भ्रमणकारियों ने पैंथर को निहारने का लम्बे समय तक आनंद लिया। पैंथर की भिन्न-भिन्न मुद्राओं को लोगों ने अपने कैमरों में कैद किया। पैंथर विभिन्न मुद्राओं में सुस्ताता रहा। थोड़ी देर बाद वन्य क्षेत्र की ओर जाते हुए झाड़ियों में ओझल हो गया।
वन्य क्षेत्र से निकलकर शहर के विभिन्न स्थानों पर भालुओं के विचरण का क्रम भी जारी है। सोमवार सवेरे कात्यायनी शक्तिपीठ अधर देवी की सीढ़ियों के किनारे एक भालू चट्टान की ओट में पड़ी कोल्ड ड्रिंक की बोतल को पकड़कर उसके अंदर बची थोड़ी सी ड्रिंक को पीने की कोशिश करते हुए देखा गया। मंदिर में देवी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं ने भालू को दूर से निहारते हुए कैमरे में कैद कर पर्यटन यात्रा का आनंद लिया। थोड़ी देर बाद भालू वन्य क्षेत्र की ओर रवाना हो गया, जो आगे जाकर झाड़ियों में ओझल हो गया।
Updated on:
8 Jul 2024, 8:18 PM IST
Published on:
8 Jul 2024, 8:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.