जयपुर। भीलवाड़ा में पांच दिवसीय हनुमंत कथा कार्यक्रम में आए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की एक झलक पाने के लिए लोग उमड़ रहे हैं। कथा के दौरान पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून की वकालत की। साथ ही चेताया कि ऐसा नहीं होने पर हिंदू अल्पसंख्यक हो जाएंगे। अभी समुदाय विशेष के 12 व हमारे दो ही बच्चे हैं। कानून नहीं बनता है तो हमारे 12 नहीं तो कम कम से चार बच्चे तो होने ही चाहिए। उन्होंने परिवार की चारों संतानों का काम बांटा। दो संतान अधिकारी बने, एक सनातनी तथा एक घर-परिवार चलाए। शास्त्री शनिवार को तेरापंथ नगर में हनुमंत कथा कर रहे थे। उन्होंने हिंदू एकता का आह्वान किया। शास्त्री बोले-हम युवाओं को महात्मा या संत नहीं बनाना चाहते हैं। वे भगवान का सच्चा भक्त बनें। आज देश में धर्मविरोधी गतिविधियां तेजी से बढ़ रही है। धीरेन्द्र शास्त्री ने लव जिहाद पर चिंता जताते हुए कहा कि बेटियां बचानी है। बेटे व बेटियों को संस्कार देना शुरू कीजिए। पहले हर घर में रामायण होती थी। अब घर में टीवी व बच्चों के हाथ में मोबाइल हैं।