
मोहनगढ़ थाना क्षेत्र के बाथेवाला माइनर स्थित मुरब्बे पर रह रहे करीब 40 वर्षीय विजय कुमार की शनिवार शाम तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मृतक करीब चार माह पूर्व गंगानगर जिले में हुए एक सड़क हादसे के बाद से बीमार चल रहा था और दवाइयां ले रहा था। शनिवार शाम अचानक तबीयत ज्यादा खराब होने पर उसे मोहनगढ़ अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शव को मोहनगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। मोहनगढ़ पुलिस थानाधिकारी बाबूराम से प्राप्त जानकारी अनुसार मृतक के हरियाणा के डबवाली क्षेत्र का निवासी होने की संभावना के चलते संबंधित थाने से तस्दीक करवाई गई, लेकिन वारिसों का पता नहीं चल सका। इसके बाद रविवार को पोस्टमार्टम करवाकर डीएनए प्रोफाइलिंग के लिए सैंपल सुरक्षित रखवाए गए। वारिसों की जानकारी नहीं मिलने पर प्रशासन की मौजूदगी में बाथेवाला माइनर स्थित खेत में ही हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार कर दिया गया।
लाठी क्षेत्र के भादरिया गांव के पास आवारा श्वानों ने हिरण पर हमला कर दिया। वन्यजीवप्रेमियों ने उसे बचाया। रविवार को दोपहर कुछ हिरण भादरिया गांव में विचरण कर रहे थे। इस दौरान श्वानों ने उन पर हमला कर दिया। एक हिरण गंभीर रूप से घायल हो गया। चिल्लाने की आवाज सुनकर भादरिया गांव निवासी गिरधरसिंह, स्वरूपसिंह, शिवराम मेघवाल सहित ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हिरण को बचाकर अपने कब्जे में लिया। वे घायल हिरण को लाठी के राजकीय पशु चिकित्सालय लेकर आए। यहां उसका प्राथमिक उपचार किया। सूचना पर क्षेत्रीय वन अधिकारी जगमालसिंह राठौड़ के निर्देशन में वन विभाग के गेपरराम भील व कार्मिक अस्पताल पहुंचे और घायल हिरण को अपने कब्जे में लिया।
Updated on:
03 May 2026 08:25 pm
Published on:
03 May 2026 08:25 pm
