
चेन्नई. तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एएनएस प्रसाद ने चेन्नई में 31 अगस्त और 1 सितम्बर को होने वाली फॉर्मूला 4 कार रेसिंग इवेंट के खिलाफ मद्रास हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। याचिकाकर्ता चाहते थे कि मामले की सुनवाई मंगलवार को तत्काल हो, लेकिन सुनवाई 28 अगस्त को होगी। भाजपा नेता ने अपनी याचिका में कहा है कि फॉर्मूला 4 कार रेसिंग से सडक़ जाम हो जाएगी, जिससे आम जनता को असुविधा होगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अवैध सडक़ निर्माण कार्य भी किए जा रहे हैं, जिससे चेन्नई जनरल अस्पताल और चेन्नई मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में आने वाले दैनिक यात्रियों और मरीजों को असुविधा हो रही है। वे कार रेसिंग इवेंट को रोकना चाहते हैं। उन्होंने इवेंट की अवैध प्रकृति और जनता पर इसके प्रभाव का हवाला भी दिया। तमिलनाडु के युवा कल्याण और खेल विकास मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने कहा था फॉर्मूला 4-नाइट स्ट्रीट रेस से यात्रियों को कोई परेशानी नहीं होगी।
उदयनिधि ने कुछ दिन पहले मीडियाकर्मियों से चर्चा में कहा था कि रेस देखने के लिए 8,000 लोगों के लिए व्यवस्था की गई है। लोग शनिवार सुबह सत्र मुफ़्त देख सकते हैं। डीएमके सरकार ने इस आयोजन के लिए लगभग 30 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। इस आयोजन में आठ टीमें हिस्सा लेंगी और ट्रैक पर 19 मोड़, कई चिकेन और मुश्किल ऊंचाई होगी। राज्य सरकार की इस आयोजन की योजना का विरोध करते हुए इसे अन्नाद्रमुक ने सत्तारूढ़ द्रमुक सरकार का "कुशासन" करार दिया है।
Updated on:
28 Aug 2024 08:55 pm
Published on:
28 Aug 2024 08:54 pm

बड़ी खबरें
View Allसमाचार
ट्रेंडिंग
