24 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सांवेर में निर्मम हत्याकांड

आरोपियों की गिरफ्तारी और घर तोडऩे की मांग को लेकर किया प्रदर्शनशव के अंतिम संस्कार के बाद हुआ दिनभर चले घटनाक्रम का पटाक्षेप
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

•

image

Shailendra shirsath

•

Updated: 19 Jan 2023, 1:16 AM IST

सांवेर में निर्मम हत्याकांड

सांवेर में निर्मम हत्याकांड

सांवेर.नगर के केशरीपुरा में एक लोडिंग रिक्शा चालक की निर्मम हत्या को लेकर बुधवार को सांवेर में जबरदस्त हंगामा हुआ। हत्या के नामजद पांच आरोपितों की गिरफ्तारी और उनके मकान तोडऩे की मांग को लेकर मेन तिराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किया गया। पूरे दिन चले तनावपूर्ण घटनाक्रम का पटाक्षेप नगर परिषद द्वारा आरोपितों के मकानों की वैधता के दस्तावेज और जवाब मांगने के 24 घंटे की मोहल्लत वाले नोटिस जारी होने और शव का अंतिम संस्कार होने के बाद हुआ।
सांवेर के केशरीपुरा निवासी गुरुदत्त पिता रामचंद्र साबलिया (53) पर अजनोद रोड के लालाखेड़ा फांटे पर सोमवार की शाम को कुछ लोगों ने जान से मारने की नियत से लाठियों और अन्य धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया था और गुरुदत्त को मरणासन्न हालत में छोडक़र भाग गए थे। परिजनों ने गंभीर रूप से घायल गुरुदत्त को इंदौर बॉम्बे अस्पताल में भर्ती किया था, जहां इलाज के दौरान मंगलवार की शाम को मृत्यु हो गई। इस बीच मंगलवार की शाम को गुरुदत्त के बेटे शुभम ने इस मामले में सांवेर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उसके पिता पर पांच लोगों विकास पिता बाबूलाल, सन्नी व निलेश पिता राजेंद्र, रीतेश पिता राजेश ललावत और गोलू बैरागी ने संगमत होकर चाकू और लाठियों से हमला किया था। इस रिपोर्ट पर पांचों आरोपितों के खिलाफ सांवेर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया।
गंभीर रूप से घायल गुरुदत्त की बॉम्बे अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार की रात को मौत हो गई। मृतक के शव का बुधवार को इंदौर एमवाय अस्पताल में पोस्टमार्टम होने के बाद शव घर लाने के पहले मृतक के परिजन के साथ केशरीपुरा के कुमावत समाज के दर्जनों लोग मेन तिराहे पर पहुंच गए और दोपहर में शव आने के बाद यहीं पर शव के साथ धरने पर बैठ गए। इन लोगों की मांग थी कि नामजद पांचों आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी तो की ही जाए साथ ही उनके मकान भी तोड़े जाएं। मेन तिराहे पर यह घटनाक्रम होने की भनक पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को पहले ही होने से मेन तिराहे पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया जा चुका था। मृतक के परिजन और समाजजनों की बात सुनने के लिए सांवेर एसडीएम रविश श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत कनकने, एसडीओपी पंकज दीक्षित, तहसीलदार तपिश पांडे भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सभी की बातें गंभीरता से सुनी और भरोसा दिया कि आरोपितों की गिरफ्तारी भी होगी और उनके अवैध निर्माणों को तोड़ा भी जाएगा। हालांकि अधिकारियों के इस आश्वासन का आक्रोशित लोगों पर असर नहीं हुआ और नाराज होकर कुछ लोग फोरलेन बायपास पर मार्ग पर पहुंच गए।
अंतत: शव को पुलिस बल के साथ मृतक के घर लाया गया और समझाईश देकर अंतिम संस्कार करवाया गया। इसी बीच इस हत्याकांड में दर्ज सभी आरोपितों के नाम नगर परिषद की ओर से नोटिस जारी कर दिए कि वे अपने-अपने मकान के वैध दस्तावेज 24 घंटे में प्रस्तुत करें अन्यथा उनके निर्माण तोड़ दिए जाएंगे। इसी के साथ बुधवार को दिनभर चले इस घटनाक्रम का पटाक्षेप हो गया।